सुयालबाड़ी/भवाली। सरस्वती शिशु मंदिर सुयालबाड़ी में स्वतंत्रता दिवस बड़े उत्साह, देशभक्ति और सांस्कृतिक रंगों के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और प्रेरणादायक कार्यक्रमों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। विद्यालय परिसर तिरंगे के रंगों से सजा हुआ था और पूरे वातावरण में देशभक्ति की भावना व्याप्त रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला प्रचारक नैनीताल श्री अमित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत सदस्य दाड़िमा निधि जोशी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष नीरज सिंह नेगी ने की।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान सुयालबाड़ी दीप चंद्र सुयाल, विद्यालय के संरक्षक नरेंद्र मोहन छिमवाल, विद्यालय के प्रबंधक रमेश सुयाल, उपाध्यक्ष भावना नेगी, कोषाध्यक्ष ममता नेगी, सह प्रबंधक सुंदरलाल सहित समिति के सभी सदस्य मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि अमित ने अपने प्रेरक संबोधन में विद्यार्थियों के भीतर देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण की भावना जागृत की। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही भविष्य के भारत के निर्माता हैं और उन्हें शिक्षा के साथ-साथ संस्कारों को भी आत्मसात करना चाहिए।
विद्यालय के प्रधानाचार्य दिनेश चंद्र पांडे ने छात्र-छात्राओं की शानदार प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यालय बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है।
विद्यालय के प्रबंधक रमेश सुयाल ने विद्यालय की विभिन्न आवश्यकताओं एवं समस्याओं से मुख्य अतिथि को अवगत कराया तथा विद्यार्थियों को निरंतर आगे बढ़ने और मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे समिति अध्यक्ष नीरज नेगी ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा जीवन का आधार है और बच्चों को अपने बड़ों का सम्मान करने के साथ-साथ राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना भी रखनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कार वितरित किए।
कार्यक्रम के सफल संचालन एवं आयोजन में विद्यालय के आचार्य रोहित जीना, गोदावरी नेगी, वैशाली नेगी, शीतल जीना, सुमन, ललिता तथा ममता का विशेष सहयोग रहा।
राष्ट्रीय गीत के सामूहिक गायन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर अभिभावकों, ग्रामीणों और विद्यालय परिवार ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर स्वतंत्रता दिवस समारोह को सफल बनाया।










