महापौर गजराज बिष्ट ने शिक्षा, गौसंरक्षण और जनसुविधाओं पर महापौर का फोकस, स्कूलों से गौशाला और प्रस्तावित मीट बाजार तक किया निरीक्षण

छात्रों को बेहतर सुविधाएं, गौवंश को बेहतर संरक्षण और शहर को सुव्यवस्थित बनाने के दिए निर्देश

हल्द्वानी-काठगोदाम। नगर निगम क्षेत्र में शिक्षा, जनसुविधाओं, गौवंश संरक्षण और विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने मंगलवार को विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राजपुरा स्थित गौशाला, नगर निगम इंटर कॉलेज काठगोदाम तथा वार्ड संख्या-22 की लाइन नंबर-12 में प्रस्तावित मीट बाजार के लिए चयनित स्थल का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

विद्यालयों में छात्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता

नगर निगम इंटर कॉलेज काठगोदाम में आयोजित बैठक के दौरान महापौर ने विद्यालय की शैक्षणिक एवं आधारभूत सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में नगर आयुक्त, प्रधानाचार्य और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

महापौर ने विद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं को मिलने वाली सुविधाओं, शिक्षण व्यवस्था और आधारभूत ढांचे को लेकर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने विद्यालयों में शौचालय भवनों के निर्माण, जर्जर व्यवस्थाओं के सुधार तथा आवश्यक सुविधाओं के विस्तार के लिए शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

उन्होंने विद्यालयों में शिक्षकों के रिक्त पदों का भी संज्ञान लेते हुए शैक्षणिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया। महापौर ने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सुरक्षित और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारियों में शामिल है।

गौशाला में व्यवस्थाओं का लिया जायजा

इसके बाद महापौर ने राजपुरा स्थित गौशाला का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने वहां गौवंश के लिए उपलब्ध सुविधाओं, निर्माणाधीन कार्यों और रखरखाव की स्थिति का अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही गौशाला संचालन कर रही अनुबंधित संस्था को पर्याप्त एवं गुणवत्तापूर्ण चारा, स्वच्छ पेयजल, आवश्यक दवाइयों तथा बेहतर सुरक्षा और देखरेख सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

महापौर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि गौवंश की देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और निर्धारित मानकों का सख्ती से पालन किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि गौसंरक्षण नगर निगम की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है और इसके लिए सभी संबंधित पक्षों को गंभीरता से कार्य करना होगा।

प्रस्तावित मीट बाजार स्थल का भी किया निरीक्षण

निरीक्षण के अंतिम चरण में महापौर ने वार्ड संख्या-22 की लाइन नंबर-12 में प्रस्तावित मीट बाजार की दुकानों के निर्माण हेतु चयनित स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान पार्षद मो. गुफरान, सलीम सैफी और हाजी राशिद भी मौजूद रहे।

स्थल पर प्रस्तावित दुकानों के निर्माण, बाजार की उपयोगिता, यातायात व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। महापौर ने नगर निगम के सहायक अभियंता नवल नौटियाल को निर्माण प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक औपचारिकताओं को शीघ्र पूरा कर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

सुव्यवस्थित और जनहितकारी शहर बनाने का लक्ष्य

महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि नगर निगम द्वारा शिक्षा, स्वच्छता, जनसुविधाओं, गौवंश संरक्षण और सुव्यवस्थित बाजार व्यवस्था से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य शहर के प्रत्येक क्षेत्र में बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा हल्द्वानी-काठगोदाम को स्वच्छ, सुरक्षित, सुव्यवस्थित और जनहितकारी शहर के रूप में विकसित करना है।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी और जनता से जुड़े मुद्दों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  आज 11 बजे सावधान! उत्तराखंड में बजेंगे सायरन, मोबाइल पर भी आएगा अलर्ट, जानें वजह...

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.