लिफ्ट मांगने वाली कांति को नहीं पता था सामने बैठे हैं हैवान, डंपर में हत्या कर सड़क किनारे फेंका शव

लिफ्ट के भरोसे डंपर में बैठी कांति, जबरदस्ती का विरोध करने पर सिर  पर किए वार; हत्या के बाद सड़क नारे फेंका शव

काशीपुर। ऊधमसिंह नगर के काशीपुर में 19 वर्षीय छात्रा कांति झा की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, छात्रा की हत्या डंपर चालक राजू और उसके साथी सुमित ने की थी।

दोनों ने छात्रा के साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। विरोध करने और पुलिस में शिकायत करने की बात कहने पर आरोपियों ने डंपर में रखे लोहे के हुक से उसके सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण छात्रा की डंपर के भीतर ही मौत हो गई। इसके बाद दोनों आरोपी शव को सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए।

एसएसपी ऊधमसिंह नगर अजय गणपति ने बताया कि 20 अगस्त की सुबह धनौरी पट्टी, रामनगर रोड पर सड़क किनारे एक युवती का शव बरामद हुआ था। युवती के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले थे। पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने के प्रयास किए तो मृतका की पहचान 19 वर्षीय कांति झा के रूप में हुई। मामला हत्या का होने के कारण पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर हत्यारों की तलाश तेज कर दी।

चैती मैदान के पास कांति ने मांगी थी लिफ्ट

पुलिस जांच में सामने आया कि घटना के दिन राजू अपने साथी सुमित के साथ खनिज सामग्री लेने क्रेशर की ओर जा रहा था। इसी दौरान चैती मैदान के पास कांति झा ने डंपर को रुकवाकर आगे जाने के लिए लिफ्ट मांगी। दोनों आरोपियों ने उसे डंपर में बैठा लिया। कांति को उस समय जरा भी अंदाजा नहीं था कि जिस वाहन में वह मदद के भरोसे बैठ रही है, वही उसकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित होने वाला है।

कुछ दूर जाने के बाद राजू ने सुमित को डंपर चलाने के लिए कहा और खुद कांति के पास बैठ गया। आरोप है कि एक सुनसान स्थान पर पहुंचने के बाद राजू ने छात्रा के साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया।

विरोध करने पर सिर पर किए कई वार

पुलिस के मुताबिक, कांति ने आरोपी का विरोध किया और पुलिस में शिकायत करने की बात कही। इससे घबराए राजू ने डंपर में रखे लोहे के हुक से कांति के सिर पर कई वार कर दिए। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण कांति ने डंपर के भीतर ही दम तोड़ दिया।

इसके बाद दोनों आरोपियों ने शव को सड़क किनारे फेंक दिया और डंपर लेकर क्रेशर की ओर चले गए। घटना को छिपाने की कोशिश करते हुए आरोपियों ने मौके से निकलकर खुद को बचाने का प्रयास किया।

सीसीटीवी और मोबाइल कॉल डिटेल बनी अहम कड़ी

हत्याकांड की जांच में पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही सर्विलांस और मृतका के मोबाइल की कॉल डिटेल को भी जांच में शामिल किया गया। पुलिस ने अलग-अलग सुरागों को जोड़ते हुए संदिग्धों की गतिविधियों की जानकारी जुटाई।

जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस राजू और उसके साथी सुमित तक पहुंची। दोनों को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई, जिसमें पुलिस के अनुसार हत्याकांड से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

भरोसे की लिफ्ट बनी आखिरी सफर

कांति झा ने केवल अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लिफ्ट मांगी थी। उसे क्या पता था कि मदद के लिए रोका गया वही डंपर उसके लिए मौत का वाहन बन जाएगा। पुलिस के खुलासे के बाद इस वारदात ने एक बार फिर राह चलते लोगों की सुरक्षा और महिलाओं के साथ होने वाले अपराधों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  कुमाऊं में मानव तस्करी पर बड़ा प्रहार, छह राज्यों की पुलिस ने बनाई साझा रणनीति

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.