देहरादून। उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), राज्य सिविल सेवा और सचिवालय सेवा के छह अधिकारियों के पदभार में बदलाव किया है।
कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-01 की ओर से जारी आदेश के अनुसार सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से वर्तमान पदभार के निर्धारित हिस्से से अवमुक्त करते हुए नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
शासन की ओर से जारी आदेश संख्या 657/XXX-1-2026 दिनांक 25 अगस्त 2026 के तहत अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे वर्तमान पदभार से कार्यमुक्त होकर अपनी नवीन तैनाती के पद पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करें। कार्यभार ग्रहण करने के बाद इसकी आख्या एवं प्रमाणक कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-01 को उपलब्ध कराने होंगे।
इन अधिकारियों के पदभार में बदलाव
1. विजय कुमार जोगदाण्डे, IAS-2012
श्री विजय कुमार जोगदाण्डे वर्तमान में अपर सचिव आयुष एवं आयुष शिक्षा, निर्वाचन, स्टाफ ऑफिसर-मुख्य सचिव, उत्तराखंड तथा अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी-उत्तराखंड की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उन्हें वर्तमान पदभार में से अपर सचिव, गृह विभाग के पदभार से अवमुक्त किया गया है।
2. डॉ. आनन्द श्रीवास्तव, IAS-2013
डॉ. आनन्द श्रीवास्तव वर्तमान में अपर सचिव राजस्व तथा कृषि एवं कृषक कल्याण के पद पर तैनात थे। उन्हें अपर सचिव, राजस्व विभाग के पदभार से अवमुक्त करते हुए अपर सचिव-नागरिक उड्डयन तथा महानिदेशक-कृषि एवं उद्यान की जिम्मेदारी दी गई है।
3. विनोद गिरी गोस्वामी, IAS-2017
श्री विनोद गिरी गोस्वामी वर्तमान में अपर सचिव शहरी विकास एवं आवास विभाग, निदेशक शहरी विकास निदेशालय देहरादून तथा मुख्य कार्यपालक अधिकारी-भागीरथी नदी घाटी विकास प्राधिकरण की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उन्हें अपर सचिव-आवास विभाग के पदभार से अवमुक्त किया गया है।
4. सुन्दर लाल सेमवाल, PCS
श्री सुन्दर लाल सेमवाल वर्तमान में अपर सचिव सचिवालय प्रशासन विभाग, समाज कल्याण, प्रबन्ध वित्त विकास निगम तथा आयुक्त-निदेशक बहुउद्देशीय दिव्यांगजन, उत्तराखंड की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उन्हें अपर सचिव, समाज कल्याण विभाग के पदभार से अवमुक्त किया गया है।
5. सुनील सिंह, सचिवालय सेवा
श्री सुनील सिंह वर्तमान में अपर सचिव राजस्व एवं गृह विभाग के पद पर तैनात थे। उन्हें अपर सचिव, गृह विभाग के पदभार से अवमुक्त करते हुए अपर सचिव-आवास विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
6. महिमा रॉकली, सचिवालय सेवा
श्रीमती महिमा रॉकली वर्तमान में बाध्य प्रतीक्षा में थीं। शासन ने उन्हें नई जिम्मेदारी देते हुए अपर सचिव-राजस्व एवं सैनिक कल्याण विभाग का पदभार सौंपा है।
तत्काल प्रभाव से लागू होगा आदेश
शासन के आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी संबंधित अधिकारी अपनी वर्तमान तैनाती के निर्धारित पदभार से कार्यमुक्त होकर नवीन तैनाती के पदभार/विभाग में तत्काल कार्यभार ग्रहण करेंगे। इसके बाद कार्यभार ग्रहण करने संबंधी आख्या और प्रमाणक कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-01, उत्तराखंड शासन को उपलब्ध कराया जाएगा।
यह आदेश दीपक कुमार, उप सचिव की ओर से जारी किया गया है। आदेश की प्रतिलिपि प्रमुख सचिव, मुख्यमंत्री उत्तराखंड शासन, सचिव राज्यपाल उत्तराखंड तथा सभी प्रमुख सचिवों और सचिवों को आवश्यक कार्यवाही एवं सूचना के लिए भेजी गई है।










