ब्रेकिंग न्यूज़

नई दिल्ली में सांसद से हुई शिष्टाचार भेंट, बैंक की वर्तमान स्थिति, अधिकारियों-कर्मचारियों के हित और भविष्य को लेकर हुई विस्तृत चर्चा

नई दिल्ली। नैनीताल बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन (NBOA) के कार्यकारिणी मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में पौड़ी गढ़वाल से सांसद श्री अनिल बलूनी से शिष्टाचार भेंट की।

इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने नैनीताल बैंक की वर्तमान परिस्थितियों, बैंक में चल रही विभिन्न गतिविधियों तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सांसद को विस्तार से जानकारी दी।

भेंट के दौरान नैनीताल बैंक के उसके मूल/प्रवर्तक बैंक के साथ विलय का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। एसोसिएशन ने कहा कि बैंक के दीर्घकालिक भविष्य, संस्थागत स्थिरता, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के हितों तथा ग्राहकों के विश्वास को देखते हुए मूल बैंक के साथ विलय के प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार किया जाना आवश्यक है।

प्रतिनिधिमंडल ने सांसद अनिल बलूनी के समक्ष संगठन की भावनाओं और इस महत्वपूर्ण विषय से जुड़े विभिन्न पहलुओं को विस्तारपूर्वक रखा। सांसद ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और विषय को सकारात्मक दृष्टिकोण से लिया। एसोसिएशन ने उम्मीद जताई कि बैंक के भविष्य से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय में सांसद का मार्गदर्शन और सहयोग आगे भी प्राप्त होता रहेगा।

राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी बनाए जाने पर दी बधाई

इस अवसर पर नैनीताल बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन की ओर से श्री अनिल बलूनी को पुनः भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी का महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं भी दी गईं। संगठन ने उनके सफल कार्यकाल की कामना करते हुए कहा कि उनके अनुभव, नेतृत्व क्षमता और कार्यशैली से पार्टी को इस महत्वपूर्ण दायित्व में लाभ मिलेगा।

प्रतिनिधिमंडल ने विगत वर्षों में नैनीताल बैंक, बैंक अधिकारियों तथा अधिकारी संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर श्री बलूनी द्वारा दिए गए सहयोग, मार्गदर्शन और सकारात्मक दृष्टिकोण के लिए उनका विशेष आभार भी व्यक्त किया।

एक सदी से अधिक पुरानी बैंकिंग संस्था है नैनीताल बैंक

एसोसिएशन ने कहा कि नैनीताल बैंक उत्तराखंड की ऐतिहासिक और प्रतिष्ठित बैंकिंग संस्थाओं में शामिल है। बैंक ने एक शताब्दी से अधिक समय से उत्तराखंड समेत देश के विभिन्न क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाएं प्रदान करते हुए अपनी विशिष्ट पहचान कायम की है।

संगठन ने कहा कि बैंक के अधिकारी और कर्मचारी संस्था की प्रगति, व्यवसाय वृद्धि, बेहतर ग्राहक सेवा तथा बैंक के दीर्घकालिक हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। ऐसे में बैंक के सुरक्षित, सुदृढ़ और स्थायी भविष्य को सुनिश्चित करना सभी संबंधित पक्षों की प्राथमिकता होनी चाहिए।

बैंक के सुरक्षित भविष्य के लिए सहयोग की अपील

प्रतिनिधिमंडल ने सांसद से अनुरोध किया कि जिस प्रकार पिछले वर्षों में उनका सहयोग, मार्गदर्शन और स्नेह नैनीताल बैंक एवं अधिकारी संगठन को मिलता रहा है, उसी प्रकार भविष्य में भी बैंक के सुरक्षित एवं सुदृढ़ भविष्य, मूल बैंक के साथ विलय तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों के हितों से जुड़े विषयों पर उनका सहयोग और मार्गदर्शन मिलता रहे।

NBOA ने सांसद अनिल बलूनी के साथ हुई सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक भेंट के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

साथ ही उनके उज्ज्वल राजनीतिक एवं सार्वजनिक जीवन तथा उन्हें सौंपे गए नवीन दायित्व के सफल निर्वहन के लिए मंगलकामनाएं प्रेषित कीं।

यह भी पढ़ें :  रक्षाबंधन पर भाई ने बहन को दिया अनोखा तोहफा

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.