ब्रेकिंग न्यूज़

नैनीताल में देर रात उच्च न्यायालय के समीप पवेलियन होटल के नीचे कार पार्किंग में  पेड़ गिरने से आल्टो कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त

 रिपोर्टर गुड्डू सिंह ठठोला 

नैनीताल। नैनीताल में पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश के बीच पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं। शुक्रवार को मल्लीताल क्षेत्र में उच्च न्यायालय मार्ग स्थित पवेलियन होटल की पार्किंग में अचानक खुमानी का एक विशाल पेड़ वाहनों के ऊपर जा गिरा।

पेड़ की चपेट में आने से पार्किंग में खड़े तीन वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में एक आल्टो कार संख्या UK 04 TA 8817 बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई है।

गनीमत रही कि जिस समय पेड़ वाहनों के ऊपर गिरा, उस दौरान किसी भी वाहन में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। इससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। पेड़ गिरने की सूचना मिलते ही मौके पर वन विभाग और दमकल विभाग की टीम पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

दमकल और वन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद पेड़ को काटकर छोटे हिस्सों में बांटा और वाहनों के ऊपर से हटाया। इसके बाद मार्ग को भी सुचारू किया गया। मौके पर प्रकाश चंद्र कांडपाल, रूपा राणा, बीना परिहार और किशोर सिंह फर्तियाल सहित दमकल टीम मौजूद रही। वहीं वन विभाग की ओर से वन दरोगा बिमला नगरकोटी अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर मौजूद रहीं।

पवेलियन होटल के समीप पहले भी हो चुका है हादसा

स्थानीय लोगों के अनुसार पवेलियन होटल के पीछे इससे पहले भी भारी बारिश के दौरान एक विशाल पेड़ गिर गया था। उस घटना में दो-तीन लोग घायल हुए थे और कुछ लोग घर के भीतर दब गए थे। सूचना मिलने पर फायर और एसडीआरएफ की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घर में फंसे लोगों को बाहर निकाला था।

पवेलियन होटल के समीप पेड़ गिरने की यह दूसरी घटना होने से क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। लगातार बारिश के कारण नैनीताल के पहाड़ी क्षेत्रों में पेड़ों के कमजोर होने और भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है।

बारिश थमने से मिली थोड़ी राहत

नैनीताल में बीते दो दिनों से लगातार बारिश हो रही थी, जिससे जनजीवन प्रभावित रहा। हालांकि आज शाम से बारिश थमने के बाद लोगों ने कुछ राहत महसूस की है।

इसके बावजूद लगातार बारिश के बाद पहाड़ी क्षेत्रों में पेड़ गिरने और भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। ऐसे में संवेदनशील स्थानों पर खड़े पेड़ों की सुरक्षा जांच और आवश्यक कार्रवाई की जरूरत महसूस की जा रही है।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी में यूजीसी के प्रस्तावित कानून के विरोध में स्वर्ण एकता मंच का प्रदर्शन, जनप्रतिनिधियों की चुप्पी पर फूंके प्रतीकात्मक पुतले
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.