ब्रेकिंग न्यूज़

नैनीताल पुलिस परिवार द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन में अलौकिक एवं भव्य रूप से मनाया गया श्री कृष्ण जन्मोत्सव

उच्च न्यायालय उत्तराखंड के मा० न्यायमूर्तियों और वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ जन्मोत्सव का भव्य आयोजन

हाईकोर्ट के न्यायमूर्तियों समेत वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ भव्य आयोजन, स्टार नाइट में कलाकारों ने बांधा समां

नैनीताल। धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक उल्लास और पुलिस परिवार की एकजुटता का अद्भुत संगम शुक्रवार, 4 सितंबर 2026 की शाम रिजर्व पुलिस लाइन नैनीताल में देखने को मिला। नैनीताल पुलिस परिवार की ओर से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर भव्य एवं अलौकिक जन्मोत्सव का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में जिलेभर के पुलिस अधिकारियों, जवानों, उनके परिजनों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।

पूरे पुलिस लाइन परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था और चारों ओर भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति से जुड़े गीत-संगीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की धूम रही।

कार्यक्रम में उच्च न्यायालय उत्तराखंड के माननीय न्यायमूर्ति  राकेश थपलियाल एवं  आलोक मेहरा, हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष  डीसीएस रावत, कुमाऊं मंडल आयुक्त  दीपक रावत, पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र  निवेदिता कुकरेती, नैनीताल विधायक  सरिता आर्या तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी समेत अनेक वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

दीप प्रज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ

भव्य जन्मोत्सव का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर अतिथियों का पारंपरिक पुलिस गार्ड के माध्यम से स्वागत किया गया। पुलिस अधिकारियों की ओर से अतिथियों को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

दीप प्रज्वलन के साथ ही पुलिस लाइन परिसर भक्तिमय वातावरण में बदल गया। कार्यक्रम में मौजूद पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों में खासा उत्साह देखने को मिला।

स्टार नाइट शो ने बांधा समां

जन्माष्टमी समारोह का प्रमुख आकर्षण रहा स्टार नाइट शो, जिसमें देश-प्रदेश के चर्चित कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को देर रात तक झूमने पर मजबूर कर दिया।

जी टीवी फेम गायिका वैशाली ने अपनी मधुर और सुरीली आवाज से शानदार प्रस्तुतियां दीं। वहीं लोकप्रिय लोक गायक नीरज चुफाल ने कुमाऊंनी लोकगीतों की प्रस्तुतियों के माध्यम से पहाड़ की लोक संस्कृति और परंपराओं की मनमोहक झलक पेश की।

अंतरराष्ट्रीय गायक विशाल प्रकाश की ऊर्जावान और भावपूर्ण गायकी ने माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। वहीं विशाल डांस एंड क्रू, दिल्ली की आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

इसके अलावा नैनीताल पुलिस के जवानों तथा पुलिस परिवार के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भी विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों और पुलिसकर्मियों की प्रतिभा को दर्शकों ने जमकर सराहा।

एक लाख से अधिक लोगों ने फेसबुक लाइव पर देखा कार्यक्रम

नैनीताल पुलिस ने इस भव्य आयोजन को केवल पुलिस लाइन परिसर तक सीमित न रखते हुए सोशल मीडिया के माध्यम से आम जनता तक भी पहुंचाया। नैनीताल पुलिस के आधिकारिक फेसबुक पेज पर कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया, जिसे एक लाख से अधिक दर्शकों ने ऑनलाइन देखा और सराहा।

कृष्ण की लीलाओं पर आधारित झांकियों ने मोहा मन

जन्माष्टमी समारोह में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनकी विभिन्न लीलाओं पर आधारित आकर्षक झांकियां भी तैयार की गईं। जनपद के विभिन्न थानों, सीपीयू, यातायात विभाग, संचार शाखा और फायर स्टेशनों के पुलिसकर्मियों ने अपनी रचनात्मकता और मेहनत से इन झांकियों को जीवंत रूप दिया।

झांकियों में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म, बाल लीलाओं और उनके जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों को आकर्षक तरीके से प्रस्तुत किया गया। मुख्य अतिथियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रत्येक झांकी का अवलोकन किया तथा पुलिसकर्मियों की कलात्मक प्रतिभा, रचनात्मकता और मेहनत की सराहना की।

मध्यरात्रि में विधि-विधान से हुई पूजा-अर्चना

सांस्कृतिक कार्यक्रमों और स्टार नाइट शो के समापन के बाद मध्यरात्रि के समीप जन्माष्टमी का मुख्य धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुआ। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी एवं उनकी धर्मपत्नी डॉ. नंदिता अरकेल सहित पुलिस अधिकारियों और पुलिस परिवार ने भगवान श्रीकृष्ण की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

इस दौरान एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर नैनीताल अंजना नेगी, प्रतिसार निरीक्षक रिजर्व पुलिस लाइन हरकेश सिंह, कोतवाल मल्लीताल राजेंद्र रावत, प्रभारी निरीक्षक तल्लीताल हरपाल सिंह समेत अन्य अधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

पूजा-अर्चना के बाद सामूहिक भजन-कीर्तन किया गया। पुलिस परिवार ने भगवान श्रीकृष्ण से क्षेत्र और प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति तथा जनकल्याण की कामना की।

उत्कृष्ट योगदान देने वालों को किया सम्मानित

समारोह को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पुलिसकर्मियों, पुलिस परिवार की महिलाओं और बच्चों का भी उत्साहवर्धन किया गया। माननीय अतिथियों द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को आकर्षक उपहार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

पुलिस और जनता के बीच सौहार्द का बना माध्यम

नैनीताल पुलिस लाइन में आयोजित यह जन्माष्टमी समारोह धार्मिक आयोजन के साथ-साथ पुलिस परिवार की प्रतिभा, रचनात्मकता और सामूहिक सहभागिता का भी शानदार उदाहरण बना। कार्यक्रम ने पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को एक साथ उत्सव मनाने का अवसर दिया, वहीं स्थानीय नागरिकों की भागीदारी ने पुलिस और जनता के बीच आपसी विश्वास एवं सौहार्द को और मजबूत किया।

भक्ति, संगीत, लोक संस्कृति, कृष्ण लीलाओं पर आधारित झांकियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजी यह शाम नैनीताल पुलिस परिवार के लिए यादगार बन गई।

यह भी पढ़ें :  दर्दनाक सड़क हादसा: यात्रियों से भरी बस पलटी, स्कूटी सवार दो लोगों की मौत
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.