ब्रेकिंग न्यूज़
बकाया वेतन को लेकर हुआ विवाद, गुस्से में कड़े से किया हमला; चीखने पर मुंह-नाक दबाकर की हत्या, सोने के कंगन लेकर फरार हुआ आरोपी गिरफ्तार
देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र में किताबों की दुकान संचालक की 72 वर्षीय पत्नी की हत्या के मामले का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया। पुलिस ने वारदात के आरोप में दुकान पर हेल्पर के तौर पर काम करने वाले विनीत कुमार (33) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पिछले करीब 15 वर्षों से दुकान मालिक दिनेश बंसल के संपर्क में था और दिन के समय उनकी दुकान पर हेल्पर का काम करता था। आरोपी का दुकान मालिक से बकाया वेतन को लेकर विवाद चल रहा था।
मृतका की पहचान रेखा बंसल (72) के रूप में हुई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेंद्र सिंह डोबाल के अनुसार, आरोपी को घटना की सूचना मिलने के कुछ ही घंटों के भीतर जोगीवाला क्षेत्र में रिंग रोड से गिरफ्तार कर लिया गया।
घर में अचेत मिली थीं रेखा बंसल
पुलिस के अनुसार, डिस्पेंसरी रोड स्थित अनुज प्रकाशन के मालिक दिनेश बंसल ने गुरुवार शाम पुलिस को सूचना दी कि उनकी पत्नी रेखा बंसल रायपुर स्थित घर में अचेत अवस्था में पड़ी हैं। उनके चेहरे पर चोट के निशान भी थे।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तत्काल 108 एंबुलेंस को बुलाया गया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद रेखा बंसल को मृत घोषित कर दिया। घटना के संबंध में दिनेश बंसल की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज किया।
सीसीटीवी और सुरागों से आरोपी तक पहुंची पुलिस
एसएसपी के मुताबिक, पुलिस ने घटनास्थल के आसपास आने-जाने वाले रास्तों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही घटनास्थल से जुड़े अन्य साक्ष्य और जानकारी जुटाई गई। जांच के दौरान पुलिस का शक विनीत कुमार पर गया। इसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई और कुछ ही समय में उसे जोगीवाला क्षेत्र स्थित रिंग रोड से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि विनीत मूल रूप से उत्तरकाशी जिले के पुरोला का रहने वाला है और पिछले करीब 10 वर्षों से देहरादून के अजबपुर कलां क्षेत्र में किराए के मकान में अपने परिवार के साथ रह रहा था। वह पिछले करीब दो वर्षों से बीजे सिक्योरिटी सर्विसेज के माध्यम से त्रिलोकेश गेस्ट हाउस में रात के समय सिक्योरिटी गार्ड के रूप में भी काम कर रहा था।
बकाया वेतन बना हत्या की वजह
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि दुकान मालिक दिनेश बंसल पर उसकी कुछ सैलरी बकाया थी। वह कई बार अपनी बकाया रकम देने की मांग कर चुका था, लेकिन भुगतान नहीं हुआ था। इसी बात को लेकर वह नाराज चल रहा था।
पुलिस के मुताबिक, घटना वाले दिन विनीत दिनेश बंसल के स्कूटर पर सवार होकर दुकान से उनके रायपुर स्थित घर पहुंचा। वह घर के पिछले दरवाजे से अंदर गया, जो आमतौर पर खुला रहता था। उस समय घर में रेखा बंसल अकेली थीं।
पैसे देने से मना करने पर हुआ विवाद
आरोपी ने रेखा बंसल से अपनी बकाया रकम के बारे में बात की। पुलिस के अनुसार, रेखा ने रकम देने से इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों के बीच बहस होने लगी। आरोप है कि बहस के दौरान विनीत ने गुस्से में आकर रेखा बंसल के चेहरे पर हाथ में पहने कड़े से वार कर दिया।
हमले के बाद रेखा बंसल बिस्तर पर गिर गईं और मदद के लिए चिल्लाने लगीं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को डर था कि उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग पहुंच सकते हैं और वह पकड़ा जाएगा।
मुंह और नाक दबाने से हुई मौत, कंगन लेकर फरार
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने रेखा बंसल का मुंह और नाक अपने हाथ से दबा दिया। कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने उनकी कलाई से सोने के कंगन उतार लिए और मौके से फरार हो गया।
वारदात के बाद आरोपी त्रिलोकेश गेस्ट हाउस पहुंचा और वहां अपने कपड़े बदल लिए। इसके बाद उसने कथित तौर पर सोने के कंगन बेच दिए।
आरोपी की निशानदेही पर सामान बरामद
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया कड़ा और मृतका के सोने के कंगन बरामद कर लिए हैं। पुलिस अब मामले में अन्य साक्ष्यों को जुटाने के साथ आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज, पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली और घटना के कुछ ही घंटों में हत्या का खुलासा कर दिया गया।
यह भी पढ़ें :  गिरीश रंजन तिवारी को राजभाषा गौरव पुरस्कार, उत्तराखंड से सम्मान पाने वाले बने एकमात्र लेखक
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.