ब्रेकिंग न्यूज़

हल्द्वानी। शहर के व्यस्त मंगलपड़ाव स्थित फूल बाजार में रविवार शाम दो फूल विक्रेताओं के बीच हुआ मामूली विवाद अचानक हिंसक हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान एक युवक ने दूसरे युवक पर कैंची से हमला कर दिया। हमले में 25 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके शरीर पर कई जगह चोटें आई हैं। घटना के बाद फूल बाजार में अफरा-तफरी और हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, गांधीनगर निवासी निशान (25) पुत्र इरफान मंगलपड़ाव स्थित फूल बाजार में फूल बेचने का काम करता है। रविवार शाम करीब 5:15 बजे उसका बाजार में ही फूल बेचने वाले दूसरे युवक से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया।

विवाद बढ़ते ही कैंची से किया हमला

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान आरोपी ने निशान पर कैंची से अचानक हमला कर दिया। हमले में निशान के पीठ और चेहरे पर चोटें आईं, जबकि शुरुआती जानकारी में उसके शरीर के अन्य हिस्सों में भी गहरे घाव होने की बात सामने आई है। अचानक हुए हमले से आसपास मौजूद दुकानदार और ग्राहक घबरा गए तथा कुछ समय के लिए बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद घायल युवक के पिता उसे तत्काल उपचार के लिए बेस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज किया जा रहा है।

पुलिस ने आरोपी को कैंची सहित दबोचा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इंदिरानगर निवासी रब्बू के पुत्र को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से हमला करने में इस्तेमाल की गई कैंची भी बरामद कर ली गई है।

पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि दोनों फूल विक्रेताओं के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ और घटना के पीछे कोई पुरानी रंजिश तो नहीं थी।

मेडिकल रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर होगी कार्रवाई

पुलिस आसपास मौजूद दुकानदारों और प्रत्यक्षदर्शियों से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि घायल युवक की मेडिकल रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

व्यस्त फूल बाजार में सरेआम कैंची से हुए इस हमले ने स्थानीय दुकानदारों और लोगों में चिंता पैदा कर दी है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी में दर्दनाक घटना: बरसात में गौला नदी को निहारते रहे व्यक्ति ने हल्की मुस्कुराहट के बाद गौला नदी में लगाई छलांग; तलाश में जुटी पुलिस और एनडीआरएफ

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.