ब्रेकिंग न्यूज़

कालाढूंगी के वार्ड नम्बर 2 के पंप हाउस में ऑपरेटर का संकट, गहराने लगा जल संकट

रिपोर्टर- नीरज तिवारी

कालाढूंगी। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर 2 से पेयजल व्यवस्था को लेकर बड़ी लापरवाही सामने आई है। क्षेत्र में स्थित सरकारी पंप हाउस पहले से ही मोटर फुंकने और तकनीकी खराबियों के कारण अक्सर चर्चा में रहा है, लेकिन अब ऑपरेटर को हटाए जाने और उसके स्थान पर नए कर्मचारी की तैनाती नहीं किए जाने से पूरे इलाके में पेयजल संकट की आशंका गहरा गई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार पंप हाउस में लंबे समय से कार्यरत ऑपरेटर खीम सिंह मेहरा को संबंधित ठेकेदार द्वारा 1 सितंबर से वेतन नहीं दिए जाने की बात कही गई। आरोप है कि ठेकेदार ने उन्हें काम बंद करने के लिए भी कह दिया। इसके बाद सबसे गंभीर स्थिति यह बनी कि पुराने ऑपरेटर को हटाने के बावजूद विभाग अथवा संबंधित ठेकेदार की ओर से पंप संचालन के लिए किसी नए ऑपरेटर की नियुक्ति नहीं की गई।

ऐसे में वार्ड नंबर 2 की पेयजल आपूर्ति पूरी तरह ठप होने की स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में पानी की समस्या को देखते हुए पूर्व ऑपरेटर खीम सिंह मेहरा से पंप चलाने की गुहार लगाई। बताया जा रहा है कि जनता की परेशानी और मानवीय जिम्मेदारी को देखते हुए खीम सिंह फिलहाल बिना किसी मानदेय के पंप का संचालन कर रहे हैं, जिससे क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति किसी तरह जारी है।

हालांकि यह व्यवस्था कब तक चल पाएगी, इस पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। खीम सिंह का कहना है कि वह इंसानियत और क्षेत्र की जनता की परेशानी को देखते हुए कुछ समय तक पंप चला सकते हैं, लेकिन बिना वेतन के अनिश्चितकाल तक काम करना उनके लिए संभव नहीं है। यदि उन्होंने भी पंप संचालन बंद कर दिया तो वार्ड नंबर 2 के लोगों को गंभीर पेयजल संकट का सामना करना पड़ सकता है।

वहीं, स्थानीय नागरिकों में जल संस्थान और संबंधित ठेकेदार की कार्यप्रणाली को लेकर भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि पंप हाउस में पहले से ही मोटर फुंकने और तकनीकी खराबियों के कारण पेयजल आपूर्ति प्रभावित होती रही है। ऐसे में अनुभवी ऑपरेटर को हटाने के बाद उसकी जगह किसी नए कर्मचारी की तैनाती न करना विभागीय लापरवाही को दर्शाता है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि यदि पूर्व ऑपरेटर मानवीय आधार पर पंप चलाने के लिए आगे नहीं आते तो क्षेत्र में अब तक पानी की सप्लाई ठप हो सकती थी। लोगों ने जल्द से जल्द नियमित ऑपरेटर की तैनाती करने और पेयजल व्यवस्था को स्थायी रूप से सुचारु करने की मांग की है।

अब सबसे बड़ा सवाल जल संस्थान और संबंधित कार्यदायी संस्था की कार्यप्रणाली पर खड़ा हो रहा है। आखिर बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के पंप ऑपरेटर को काम से हटाने का फैसला क्यों लिया गया? क्या विभाग किसी बड़े जनआंदोलन या क्षेत्र में गंभीर पेयजल संकट का इंतजार कर रहा है, या फिर समय रहते यहां नियमित ऑपरेटर की नियुक्ति कर वार्ड नंबर 2 की पेयजल व्यवस्था को सुचारु किया जाएगा?

फिलहाल पूर्व ऑपरेटर की मानवीय पहल से क्षेत्र में पानी की आपूर्ति जारी है, लेकिन यदि जल्द कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया तो कालाढूंगी नगर पालिका के वार्ड नंबर 2 में हजारों लोगों के सामने बूंद-बूंद पानी के लिए संकट खड़ा हो सकता है।

यह भी पढ़ें :  स्कॉलर्स एकेडमिक होम में धूमधाम से मना शिक्षक दिवस, प्रतिभा, जुनून और सम्मान का दिखा अद्भुत संगम
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.