चमोली में खराब मौसम के बीच हेलीकॉप्टर क्रैश, 6 लोग थे सवार

बदरीनाथ से देहरादून जा रहा हेलीकॉप्टर लापता, हाथी पहाड़ के पास आखिरी बार हुआ संपर्क

खराब मौसम बना आफत! चमोली में हेलीकॉप्टर से संपर्क टूटा, चाई गांव के पास हादसे की सूचना

देहरादून / चमोली।  उत्तराखंड के चमोली जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। खराब मौसम के बीच बदरीनाथ से देहरादून के लिए उड़ान भरने वाले एक हेलीकॉप्टर के लापता होने की सूचना है। हेलीकॉप्टर में चालक दल सहित कुल 6 लोग सवार बताए जा रहे हैं।

हेलीकॉप्टर के क्रैश होने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दलों को रवाना कर दिया गया है। फिलहाल हेलीकॉप्टर की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, लापता हेलीकॉप्टर ट्रांस भारत एविएशन कंपनी का बताया जा रहा है, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर VT-HCX है। हेलीकॉप्टर ने आज दोपहर करीब 1 बजकर 12 मिनट पर बदरीनाथ धाम से देहरादून के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान के कुछ समय बाद ही हेलीकॉप्टर का संपर्क टूट गया।

बताया जा रहा है कि जोशीमठ के सामने स्थित हाथी पहाड़ के पीछे टॉप पर, जहां सेना की पोस्ट भी मौजूद है, उसके आसपास हेलीकॉप्टर से आखिरी बार संपर्क हुआ था। इसके बाद से हेलीकॉप्टर के साथ कोई संपर्क स्थापित नहीं हो पाया है।

वहीं, चाई गांव के आसपास हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना भी सामने आ रही है। हालांकि, अभी तक हादसे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और न ही हेलीकॉप्टर में सवार छह लोगों की स्थिति को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी मिल पाई है।

घटना के समय क्षेत्र में मौसम खराब बताया जा रहा है, जिससे राहत एवं बचाव अभियान में चुनौतियां आ सकती हैं। सूचना मिलते ही संबंधित टीमें मौके के लिए रवाना कर दी गई हैं और हेलीकॉप्टर की लोकेशन का पता लगाने के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया है।

फिलहाल सभी की निगाहें राहत एवं बचाव अभियान पर टिकी हैं। हेलीकॉप्टर में सवार छह लोगों की कुशलता को लेकर चिंता बनी हुई है। प्रशासन और संबंधित एजेंसियों की ओर से आगे की जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।

(नोट: हेलीकॉप्टर क्रैश और यात्रियों की स्थिति की आधिकारिक पुष्टि होने तक इसे आशंका एवं प्रारंभिक सूचना के रूप में ही प्रसारित करें।)

Advertisement
यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी में मिठाई-बताशे बनाने वाले गोदामों पर छापेमारी, दो प्रतिष्ठानों पर चालानी कार्रवाई

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.