नैनीताल। बाबा नीब करौरी महाराज की आस्था और उनके जीवन से प्रेरित फिल्म ‘हनुमान अंश’ का नैनीताल के कैपिटल सिनेमा हॉल में दूसरे दिन भी निशुल्क प्रदर्शन किया गया। मंगलवार को आयोजित इस विशेष शो में 300 से अधिक लोगों ने धार्मिक फिल्म का आनंद लिया। दर्शकों में अधेड़ और बुजुर्गों की संख्या विशेष रूप से अधिक देखने को मिली।
फिल्म प्रदर्शन का आयोजन ‘हनुमान भक्त’ और ‘जय श्रीराम सेवा दल’ की ओर से किया गया। कार्यक्रम को समाजसेवी गोपाल सिंह बिष्ट ने प्रायोजित किया। उन्होंने फिल्म देखने पहुंचे श्रद्धालुओं और दर्शकों के लिए प्रसाद के रूप में खीर की भी व्यवस्था कराई।
नैनीताल के कैपिटल सिनेमा हॉल में रविवार को आयोजित पहले शो के बाद मंगलवार को भी धार्मिक वातावरण देखने को मिला। सिनेमा हॉल में सबसे आगे सीट नंबर 9 पर श्री हनुमान और बाबा नीब करौरी महाराज की प्रतिमाओं को विराजमान किया गया, जिसके बाद श्रद्धा और भक्ति के माहौल में फिल्म का प्रदर्शन शुरू हुआ।
करीब ढाई घंटे की फिल्म देखने के लिए ओक वुड स्कूल के 18 बच्चे और चार शिक्षक भी पहुंचे। इसके अलावा महिला और पुरुष वर्ग के बड़ी संख्या में बुजुर्ग दर्शकों ने फिल्म देखी। बी.डी. पांडे अस्पताल के कई चिकित्सक और कर्मचारी भी धार्मिक फिल्म देखने के लिए सिनेमा हॉल पहुंचे।
फिल्म प्रदर्शन के दौरान दर्शकों के लिए फ्रूटी, समोसे और पानी की व्यवस्था की गई। फिल्म समाप्त होने के बाद श्रद्धालुओं और दर्शकों को बूंदी का प्रसाद वितरित किया गया। साथ ही सभी को हनुमान चालीसा भी भेंट की गई।
आयोजकों के अनुसार देश-दुनिया में चर्चित और दर्शकों की सराहना प्राप्त कर रही इस फिल्म को लेकर नैनीताल में भी लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया। मंगलवार के शो में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने आयोजकों का उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मनमोहन सिंह बिष्ट, पंकज बिष्ट, अमित पांडेय, सोनू बिष्ट, मनोज कुमार, रोहित कुमार गौड़, विनोद कुमार, सूरज, सुनील, अमित साह, विवेक वर्मा, संजय, प्रदीप कुमार, तरुण लूथरा, भवान सिंह बिष्ट, ललित बिष्ट, सूरज राणा, गौरव आर्या, संजय सिंह बिष्ट, अमित मेहरा, विनायक साह, अम्मू पांडे, सोनू कुमार, पवन कन्याल, बॉबी बिष्ट, रौनक सक्सेना, कुणाल बेदी और चेतन बिष्ट सहित कई लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
संगठन की ओर से मनमोहन सिंह बिष्ट ने बताया कि फिल्म के निशुल्क शो को दर्शकों का अच्छा समर्थन और उत्साह मिल रहा है। शो की सफलता को देखते हुए आगामी रविवार को भी फिल्म का एक और विशेष प्रदर्शन आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।




