ब्रेकिंग न्यूज़

हरिद्वार। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2026 की विज्ञप्ति जारी कर दी है। आयोग ने विभिन्न महत्वपूर्ण विभागों में कुल 67 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 29 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

इस भर्ती में राज्य प्रशासन और पुलिस सेवा के महत्वपूर्ण पदों के साथ ही वित्त, कर, शिक्षा, श्रम, परिवहन, कृषि, औद्योगिक सुरक्षा और महिला कल्याण विभागों के पद शामिल किए गए हैं। भर्ती प्रक्रिया को लेकर आयोग की ओर से विस्तृत विज्ञप्ति जारी कर अभ्यर्थियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करने की सलाह दी गई है।

आयोग के सचिव अशोक कुमार पांडेय की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार सबसे प्रमुख पदों में डिप्टी कलेक्टर के 10 और पुलिस उपाधीक्षक (DSP) के 14 पद शामिल हैं। इसके अलावा अन्य प्रशासनिक एवं विभागीय पदों पर भी नियुक्तियां की जाएंगी।

इन पदों पर होगी भर्ती

विज्ञप्ति के अनुसार घोषित पदों में—

डिप्टी कलेक्टर (कार्मिक एवं सतर्कता विभाग) – 10 पद

पुलिस उपाधीक्षक, गृह विभाग – 14 पद

जिला कमांडेंट, होमगार्ड – 2 पद

वित्त अधिकारी/कोषाधिकारी – 4 पद

सहायक निदेशक/लेखा परीक्षा अधिकारी – 8 पद

सहायक आयुक्त, राज्य कर – 1 पद

सहायक नगर आयुक्त/अधिशासी अधिकारी श्रेणी-1 – 1 पद

खंड विकास अधिकारी (BDO) – 5 पद

उप शिक्षा अधिकारी/स्टाफ ऑफिसर/विधि अधिकारी – 1 पद

सहायक श्रम आयुक्त – 1 पद

सहायक निदेशक/उपसचिव, संस्कृत शिक्षा विभाग – 4 पद

सहायक निदेशक, कारखाना/बॉयलर – 2 पद

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (ARTO) – 5 पद

पौधशाला विकास अधिकारी श्रेणी-2 – 1 पद

राज्य कर अधिकारी – 5 पद

केस वर्कर, महिला कल्याण विभाग – 3 पद

प्रशासनिक सेवा में जाने का बड़ा अवसर

उत्तराखंड की प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा के माध्यम से युवाओं को राज्य की प्रशासनिक और पुलिस सेवाओं सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विभागों में अधिकारी बनने का अवसर मिलेगा। विशेष रूप से डिप्टी कलेक्टर और पुलिस उपाधीक्षक के कुल 24 पदों की घोषणा से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों में उत्साह देखा जा रहा है।

आयोग की ओर से जारी विज्ञप्ति में सभी पदों के लिए अलग-अलग वेतनमान निर्धारित किए गए हैं। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आवेदन करने से पहले संबंधित पद के लिए निर्धारित शैक्षिक योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण, चयन प्रक्रिया और अन्य नियमों का विस्तृत अध्ययन कर लें।

29 सितंबर तक होगा ऑनलाइन आवेदन

उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने स्पष्ट किया है कि इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया निर्धारित तिथि तक ही स्वीकार की जाएगी। ऐसे में इच्छुक अभ्यर्थियों को 29 सितंबर 2026 की अंतिम तिथि से पहले आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है। अंतिम दिनों में वेबसाइट पर तकनीकी दबाव या अन्य समस्याओं से बचने के लिए अभ्यर्थियों को समय रहते आवेदन करने की अपील की गई है।

यह भर्ती राज्य में प्रशासनिक और विभागीय सेवाओं में करियर बनाने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर मानी जा रही है।

यह भी पढ़ें :  ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी भीमताल कैंपस में धूमधाम से मनाया गया 34वां स्थापना दिवस
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.