ब्रेकिंग न्यूज़

देहरादून। राजधानी देहरादून में बदमाशों के हौसले लगातार बुलंद होते दिखाई दे रहे हैं। पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार देर रात मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने स्कूटी सवार एक युवक पर फायरिंग कर दी। गोली युवक के पेट को छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और हड़कंप मच गया। घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

घटना पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र के बड़ोवाला के पास ग्रास फार्म, शिमला बाईपास रोड की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार मंगलवार देर रात करीब 9 बजे युवक अपनी कजन के साथ स्कूटी से जा रहा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार बदमाश वहां पहुंचे और अचानक युवक पर फायरिंग कर दी।

बताया जा रहा है कि गोली युवक के पेट को छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद मोटरसाइकिल सवार हमलावर मौके से फरार हो गए। अचानक हुई फायरिंग की घटना से आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई।

घायल युवक को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है। बताया जा रहा है कि घायल युवक उज्जीवन बैंक में कार्यरत है।

घटना की सूचना मिलते ही पटेलनगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पीड़ित से घटना के संबंध में जानकारी ली। पीड़ित युवक ने पुलिस को बताया कि उसकी किसी से कोई व्यक्तिगत रंजिश या विवाद नहीं है। ऐसे में उस पर फायरिंग किए जाने के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।

पुलिस ने अज्ञात मोटरसाइकिल सवार बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके और उनके आने-जाने के रास्तों का पता लगाया जा सके।

पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

राजधानी के व्यस्त क्षेत्र के नजदीक हुई इस फायरिंग की वारदात ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर युवक पर फायरिंग क्यों की गई और हमलावरों का उद्देश्य क्या था। मामले के खुलासे के लिए पुलिस की टीमें सक्रिय कर दी गई हैं।

यह भी पढ़ें :  उत्तराखंड में बारिश का कहर: चार दिनों से मूसलाधार बरसात ने बढ़ाई मुसीबत, IMD का यलो अलर्ट
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.