ब्रेकिंग न्यूज़

नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ की 76वें वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन की तैयारियों को लेकर बनी रणनीति, दुग्ध उत्पादकों को दीपावली से पहले 2.75 करोड़ रुपये लाभ राशि देने का प्रस्ताव

लालकुआं। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के प्रशासनिक भवन में बुधवार को अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में संचालक मंडल की बोर्ड बैठक आयोजित की गई। बैठक में दुग्ध संघ के संचालन, वित्तीय व्यवस्थाओं, कर्मचारियों से जुड़े विषयों, दुग्ध उत्पादकों के हितों तथा आगामी 76वें वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन की तैयारियों को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बोर्ड के समक्ष कुल 34 प्रस्ताव रखे गए, जिनमें से कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा के बाद स्वीकृति प्रदान की गई।

बैठक की शुरुआत दुग्ध संघ से जुड़े स्वर्गीय किशन सिंह बिष्ट के निधन पर शोक व्यक्त करने के साथ हुई। अध्यक्ष, संचालक मंडल के सदस्यों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि विषम परिस्थितियों में दुग्ध संघ शोक संतप्त परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने स्वर्गीय किशन सिंह बिष्ट के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका योगदान दुग्ध संघ एवं दुग्ध समितियों के लिए महत्वपूर्ण रहा है। बैठक में उनके नाम से नवनिर्मित दुग्ध समिति भवन का निर्माण कराए जाने पर भी सहमति बनी।

76वें सामान्य निकाय अधिवेशन की तैयारियों पर चर्चा

बोर्ड बैठक में आगामी 76वें वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन को लेकर आवश्यक तैयारियों और व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। अधिवेशन में रखे जाने वाले विभिन्न प्रस्तावों को तैयार कर निबंधक को भेजने तथा आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने की रणनीति पर भी विचार किया गया।

इसके अलावा दुग्ध संघ के संचालन, कार्यप्रणाली, वित्तीय प्रबंधन और आगामी कार्ययोजनाओं से संबंधित विभिन्न विषयों को बोर्ड के समक्ष रखा गया। कुल 34 प्रस्तावों पर संचालक मंडल के सदस्यों ने बिंदुवार चर्चा की। विचार-विमर्श के बाद कई प्रस्तावों को पारित किया गया तथा आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित स्तर पर भेजने पर सहमति बनी।

दुग्ध उत्पादकों को दीपावली से पहले 2.75 करोड़ रुपये लाभ राशि देने का प्रस्ताव

बैठक में दुग्ध उत्पादकों से जुड़े महत्वपूर्ण वित्तीय प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। पिछले वित्तीय वर्ष में 2 करोड़ 52 लाख रुपये की दुग्ध लाभ राशि के मुकाबले इस वर्ष 2 करोड़ 75 लाख रुपये की लाभ राशि दुग्ध संघ से जुड़े दुग्ध उत्पादकों को दीपावली से पूर्व भुगतान किए जाने संबंधी प्रस्ताव को निबंधक के पास भेजने पर सहमति बनी।

वहीं दुग्ध संघ के कर्मचारीगण को 17 प्रतिशत बोनस/एक्स-ग्रेशिया दिए जाने का प्रस्ताव भी निबंधक को भेजे जाने पर सहमति बनी। इसके साथ ही कामगारों सहित दुग्ध संघ से जुड़े करीब 440 श्रमिकों को प्रोत्साहन राशि प्रदान करने के लिए वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई।

बकाया वसूली में सख्ती, एक सप्ताह में भुगतान नहीं तो ब्लैकलिस्ट

बैठक के दौरान दुग्ध संघ की वित्तीय स्थिति और बकाया धनराशि की वसूली को लेकर भी चर्चा हुई। अध्यक्ष मुकेश बोरा ने विपणन एवं परिवहनकर्ताओं पर बकाया राशि की वसूली में सख्ती बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन संबंधित परिवहनकर्ताओं द्वारा एक सप्ताह के भीतर बकाया धनराशि जमा नहीं की जाती है, उनके खिलाफ ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बकाया धनराशि की वसूली के लिए संबंधित कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करने तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। अध्यक्ष ने कहा कि दुग्ध संघ की वित्तीय व्यवस्थाओं को मजबूत करने और संस्था के हितों की रक्षा के लिए बकाया राशि की वसूली प्राथमिकता के आधार पर की जाएगी।

बैठक में संचालक मंडल सदस्य गोविंद सिंह मेहता, कृष्ण कुमार, आनंद सिंह नेगी, पुष्पा देवी, खष्टी देवी, दीपा देवी, हेमा देवी, दीपा देवी रैक्वाल, सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, पीएंडनआई सुभाष बाबू, एफओ शांति कोरंगा, प्रभारी सुरेश चंद्र, स्टोर प्रभारी खलील अहमद समेत दुग्ध संघ के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  भीमताल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: हत्या के प्रयास व चोरी के मामलों में लंबे समय से फरार दो आरोपी गिरफ्तार
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.