ब्रेकिंग न्यूज़

हल्द्वानी। रामपुर रोड स्थित गन्ना सेंटर के पास देर रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार 36 वर्षीय युवक की मौत हो गई। रुद्रपुर की ओर से बरेली रोड स्थित अपने घर लौट रहे युवक की बाइक को सामने से आ रही पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने पिकअप चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार धानमिल, बरेली रोड निवासी रुचित सक्सेना (36) किसी काम से ऊधमसिंह नगर जिले के गदरपुर स्थित अपने रिश्तेदार के घर गए थे। देर रात वह बाइक से हल्द्वानी स्थित अपने घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रामपुर रोड पर गन्ना सेंटर के पास सामने से आ रही पिकअप और उनकी बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि रुचित सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) पहुंचाया गया। हालांकि अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव की पहचान के बाद घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रुचित डिलीवरी बॉय के रूप में काम करते थे।

एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि हादसे में बाइक सवार रुचित सक्सेना की मौत हुई है। पिकअप चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

पुलिस हादसे के कारणों और घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है। दुर्घटना के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल भी बना रहा।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  आज का राशिफल : 20 सितंबर 2026

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.