उत्तराखंड में शादी के महज दो दिन बाद नवविवाहिता पति को चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाने और उसके बेहोश होने के बाद साथियों के साथ घर से नकदी व सामान लेकर फरार
हरिद्वार। बहादराबाद थाना क्षेत्र के दौलतपुर में शादी के महज दो दिन बाद एक नवविवाहिता पर पति को चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाने और उसके बेहोश होने के बाद साथियों के साथ घर से नकदी व सामान लेकर फरार होने का आरोप लगा है। गुरुवार तड़के घर से निकलते समय पीड़ित के भाई की नजर आरोपियों पर पड़ गई। शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीणों ने पीछा कर पांचों आरोपियों को पकड़ लिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची बहादराबाद पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से 70 हजार रुपये की नकदी, पांच मोबाइल फोन और नशीला पाउडर बरामद किया गया है। घटना में इस्तेमाल वाहन को भी पुलिस ने सीज कर दिया है।
22 सितंबर को हुई थी शादी
पुलिस के अनुसार ग्राम कोटवा, थाना कटरा, मिर्जापुर उत्तर प्रदेश निवासी रुकमीना (21) की शादी दौलतपुर निवासी योगेश पुरी (38) से हुई थी। परिजनों के मुताबिक योगेश के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है और काफी समय से उसके लिए रिश्ता तलाशा जा रहा था।
पीड़ित के भाई प्रवेश पुरी के अनुसार उनकी मुलाकात तुगलपुर निवासी पंकज गिरी से हुई थी। पंकज से योगेश के लिए रिश्ता बताने को कहा गया। इसके बाद पंकज गिरी की सास गीता देवी ने रुकमीना समेत अन्य लोगों से मुलाकात कराई।
बताया गया कि 22 सितंबर को पांचों आरोपी इंद्रलोक कॉलोनी, सिडकुल स्थित कार्यालय पहुंचे, जहां रुकमीना को लड़की बताते हुए योगेश के साथ शादी की बात रखी गई। सहमति बनने के बाद उसी दिन शाम को कार्यालय में जयमाला कराई गई। इसके बाद रात करीब एक बजे सभी लोग दौलतपुर स्थित घर पहुंचे।
दूसरी रात चाय में नशीला पदार्थ मिलाने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि शादी की पहली रात रुकमीना ने पति के साथ सोने से इनकार कर दिया था। उसने माहवारी होने की बात कहकर अलग सोने की बात कही।
इसके बाद बुधवार रात आरोप है कि सोने से पहले रुकमीना ने योगेश के लिए बनाई गई चाय में नशीला पाउडर मिला दिया। चाय पीने के बाद योगेश बेहोश हो गया। आरोप है कि इसके बाद रुकमीना ने अपने साथ आए साथियों को सूचना दी और गुरुवार तड़के सभी नकदी व सामान लेकर घर से निकलने लगे।
भाई ने देखा तो मचाया शोर, ग्रामीणों ने पांचों को घेरा
गुरुवार सुबह योगेश के भाई प्रवेश पुरी ने रुकमीना को कुछ लोगों के साथ घर से बाहर निकलते हुए देखा। शक होने पर उन्होंने शोर मचा दिया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और आरोपियों का पीछा शुरू कर दिया।
ग्रामीणों ने दौलतपुर के पास ही पांचों आरोपियों को घेरकर पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। बहादराबाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
इन पांच आरोपियों की गिरफ्तारी
पुलिस ने रुकमीना के अलावा अब्दुल बारी निवासी ग्राम पासिया राजा, मिर्जापुर (यूपी), रागिनी पाल और पुनीत कुमार निवासी शिवनगर, झिंझाना, शामली (यूपी) तथा फतेह सिंह मीना निवासी हबीबपुर, भरतपुर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया है।
एसएचओ अमरजीत सिंह के अनुसार आरोपियों के कब्जे से 70 हजार रुपये, पांच मोबाइल फोन और नशीला पाउडर बरामद किया गया है। घटना में इस्तेमाल वाहन को भी सीज कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।
परिजनों ने बताई पूरी घटनाक्रम की जानकारी
प्रवेश पुरी ने बताया कि वह सिडकुल स्थित इंद्रलोक कॉलोनी के एक कार्यालय में काम करते हैं। उनके छोटे भाई योगेश के लिए लंबे समय से विवाह का रिश्ता तलाशा जा रहा था। इसी दौरान पंकज गिरी के माध्यम से रुकमीना और अन्य लोगों से संपर्क हुआ। परिवार ने शादी के लिए सहमति दी और कुछ ही समय में विवाह की प्रक्रिया पूरी हो गई।
शादी के महज दो दिन बाद हुई इस घटना से परिवार और आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। फिलहाल पुलिस बरामद सामान, नशीले पदार्थ और आरोपियों के आपसी संबंधों समेत पूरे मामले की जांच कर रही है।





































