ब्रेकिंग न्यूज़

एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव नामांकन आज, सुरक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट; एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा

हल्द्वानी। कुमाऊं के प्रमुख महाविद्यालयों में शामिल एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव को लेकर आज नामांकन प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष समेत छात्रसंघ के विभिन्न महत्वपूर्ण पदों के लिए चुनाव मैदान में उतरने वाले छात्र नेता अपना नामांकन दाखिल करेंगे। नामांकन को लेकर कॉलेज परिसर और आसपास छात्र राजनीति की सरगर्मी बढ़ने की संभावना है।

नामांकन के दौरान एबीवीपी, एनएसयूआई समेत विभिन्न छात्र संगठनों के समर्थकों के जुटने और शक्ति प्रदर्शन की संभावना को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस की ओर से कॉलेज परिसर के साथ ही आसपास के क्षेत्रों में भी निगरानी बढ़ाई गई है, ताकि नामांकन प्रक्रिया के दौरान किसी तरह की अराजकता, विवाद या कानून व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्वयं एमबीपीजी कॉलेज पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर तैनात पुलिस अधिकारियों और अधीनस्थ थाना-चौकी प्रभारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसएसपी ने स्पष्ट किया कि छात्रसंघ चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है और सभी छात्र संगठनों एवं प्रत्याशियों को शांतिपूर्ण ढंग से अपनी चुनावी गतिविधियां संचालित करनी होंगी। छात्र राजनीति की आड़ में अराजकता, गुंडागर्दी अथवा कानून व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने पुलिस अधिकारियों को कॉलेज परिसर और आसपास अवांछित एवं उपद्रवी तत्वों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए। साथ ही माहौल बिगाड़ने या विवाद की स्थिति पैदा करने वाले लोगों के खिलाफ तत्काल नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया है।

पुलिस ने नामांकन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती है। कॉलेज परिसर में भीड़ प्रबंधन, संभावित विवाद वाले स्थानों पर निगरानी और कानून व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष फोकस किया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि छात्रसंघ चुनाव को लेकर किसी भी छात्र संगठन या प्रत्याशी को कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। नामांकन से लेकर चुनाव प्रक्रिया के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता रहेगी।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  आज का राशिफल : 20 सितंबर 2026

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.