ब्रेकिंग न्यूज़

चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को चंपावत जिले के बनबसा स्थित एनएचपीसी पहुंचेंगे, जहां राज्य मंत्रिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे। कैबिनेट बैठक को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं और सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद की गई है।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री धामी रविवार सुबह 10:45 बजे खटीमा स्थित अपने निजी आवास नगला तराई से कार द्वारा प्रस्थान करेंगे। इसके बाद करीब 11 बजे वे बनबसा स्थित एनएचपीसी पहुंचेंगे।

मुख्यमंत्री एनएचपीसी के प्रशासनिक भवन के प्रथम तल पर आयोजित राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में शामिल होंगे। बैठक में राज्य से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होने और कई प्रस्तावों पर निर्णय लिए जाने की संभावना है। कैबिनेट बैठक को देखते हुए शनिवार शाम से ही राज्य के मंत्रियों का बनबसा पहुंचना शुरू हो गया है। वहीं, अधिकांश मंत्री रविवार सुबह बनबसा पहुंचेंगे।

कैबिनेट बैठक के दौरान प्रदेश के विकास, जनहित और प्रशासनिक मामलों से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मंथन होने की उम्मीद है। बैठक में लिए जाने वाले निर्णयों पर प्रदेशभर की नजरें टिकी हुई हैं। हालांकि, किन-किन प्रस्तावों को बैठक में रखा जाएगा और किन पर निर्णय होगा, इसकी आधिकारिक जानकारी कैबिनेट बैठक के बाद ही सामने आएगी।

जिला प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री और मंत्रियों के आगमन को लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा, यातायात और प्रोटोकॉल से संबंधित तैयारियों को भी अंतिम रूप दिया गया है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री बैठक के बाद कुछ समय के लिए आरक्षित कार्यक्रम में रहेंगे। इसके बाद दोपहर 1:50 बजे वे एनएचपीसी बनबसा से खटीमा के लिए रवाना होंगे और करीब 2:15 बजे खटीमा पहुंचेंगे।

मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में होने वाली यह कैबिनेट बैठक ऐसे समय में हो रही है, जब राज्य में आगामी विकास योजनाओं और विभिन्न विभागीय प्रस्तावों को लेकर सरकार स्तर पर निर्णय प्रक्रिया तेज है। ऐसे में बैठक में लिए जाने वाले फैसलों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  उत्तराखंड में आज छात्रसंघ चुनाव: 136 महाविद्यालयों और 3 विश्वविद्यालय परिसरों में होगा मतदान, 80 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं चुनेंगे अपने प्रतिनिधि
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.