नैनीताल और भीमताल से हल्द्वानी की ओर ही चलेगा ट्रैफिक, बाहर से आने वाले वाहन वैकल्पिक मार्गों का करें इस्तेमाल
विशेष वन-वे ट्रैफिक प्लान की खबर
नैनीताल/हल्द्वानी। कैंची धाम और नैनीताल में श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की भारी आमद को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए 04 अक्टूबर 2026 को शाम 4:00 बजे से रात 10:00 बजे तक विशेष वन-वे ट्रैफिक प्लान लागू करने का निर्णय लिया है। इस दौरान काठगोदाम से नैनीताल और भीमताल की ओर जाने वाले वाहनों के आवागमन पर रोक रहेगी।
पुलिस के अनुसार, 04 अक्टूबर को शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक काठगोदाम, नारीमन पॉइंट होते हुए नैनीताल एवं भीमताल की ओर जाने वाला NH मार्ग पूर्णतः बंद रहेगा। इस अवधि में उक्त मार्ग पर केवल EXIT TRAFFIC संचालित किया जाएगा। यानी नैनीताल और भीमताल की ओर से हल्द्वानी आने वाले वाहनों को ही इस मार्ग से बाहर निकलने की अनुमति होगी।
यातायात के दबाव को देखते हुए नैनीताल जाने वाले वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की गई है।
दिल्ली/देहरादून की ओर से नैनीताल जाने वाले वाहन कालाढूंगी रोड से होते हुए नैनीताल तिराहा और फिर नैनीताल की ओर जा सकेंगे।
वहीं, हल्द्वानी से नैनीताल, भीमताल एवं भवाली की ओर जाने वाले वाहन हल्द्वानी से कॉलटैक्स चौराहा/मुखानी → फतेहपुर तिराहा → पटुवाडांगर → बेलुआखान → भवाली/भीमताल मार्ग का प्रयोग कर सकेंगे।
नैनीताल पुलिस ने वाहन चालकों एवं यात्रियों से अपील की है कि निर्धारित अवधि में यातायात प्लान का पालन करें और अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित मार्ग पर जाने से बचें। पुलिस का कहना है कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों की बढ़ती संख्या के बीच यातायात को व्यवस्थित बनाए रखना तथा आमजन को सुगम आवागमन उपलब्ध कराना इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य है।
नैनीताल पुलिस ने सभी वाहन चालकों से सहयोग की अपील करते हुए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और यातायात कर्मियों के निर्देशों का पालन करने को कहा है।





































