राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरू ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, गीता-हनुमान चालीसा व संकल्प पत्र वितरित कर नशामुक्त और सशक्त समाज का दिया संदेश
हरीश पनेरू का हर घर संपर्क अभियान
ओखलकांडा। भीमताल विधानसभा क्षेत्र में राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरू का हर घर संपर्क अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में उन्होंने विकासखंड ओखलकांडा के अंतिम छोर स्थित ग्राम सुवाकोट पोखरी एवं अमजड़ का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से आत्मीय मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं तथा जनभावनाओं को करीब से सुना।
ग्रामीणों से संवाद के दौरान हरीश पनेरू ने सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, रोजगार सहित क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विषयों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि पहाड़ के दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों की समस्याओं को समझना और उनकी आवाज को मजबूती से उठाना जरूरी है। उन्होंने ग्रामीणों से क्षेत्र के विकास को लेकर उनके सुझाव भी लिए।
इस अवसर पर हरीश पनेरू ने ग्रामीणों को श्रीमद्भगवद्गीता, हनुमान चालीसा एवं संकल्प पत्र भेंट किए। उन्होंने नशामुक्त, शिक्षित, जागरूक एवं सशक्त समाज के निर्माण का संदेश देते हुए युवाओं को शिक्षा और सकारात्मक दिशा से जोड़ने पर जोर दिया।
हरीश पनेरू ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के दूरस्थ गांवों में विकास की संभावनाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर जनसंवाद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए बेहतर अवसर, मातृशक्ति का सम्मान और ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि वर्ष 2027 में भीमताल विधानसभा के समग्र विकास को लेकर वे लगातार जनता के बीच पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता के स्नेह, प्रेम और आशीर्वाद से उन्हें निरंतर ऊर्जा मिल रही है।
इस दौरान ग्रामीणों ने भी क्षेत्र की समस्याओं और अपनी अपेक्षाओं से उन्हें अवगत कराया। हरीश पनेरू ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे।
हर घर संपर्क अभियान के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से आपसी एकजुटता, शिक्षा, जागरूकता और नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने का आह्वान किया।





































