बड़े वीकेंड पर नैनीताल में उमड़ा पर्यटकों- श्रद्धालुओं का सैलाब, सड़कों पर नैनीताल पुलिस
कैंची धाम में आस्था का सैलाब, प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों पर बढ़ा यातायात दबाव
SSP डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने स्वयं सड़कों पर उतरकर संभाली यातायात व्यवस्था, आज सायँ व कल सायँ वन-वे रहेगी ट्रैफिक व्यवस्था
हल्द्वानी/नैनीताल। बड़े वीकेंड और श्री कैंची धाम में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते नैनीताल जिले के प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों पर यातायात का दबाव बढ़ गया है। नैनीताल, कैंची धाम, भवाली और भीमताल सहित प्रमुख मार्गों पर वाहनों की संख्या बढ़ने के बाद नैनीताल पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए व्यापक स्तर पर पुलिस बल तैनात किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने शनिवार को स्वयं सड़कों पर उतरकर विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को यातायात को सुचारु रखने, जाम की स्थिति से निपटने और पर्यटकों व श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न होने देने के निर्देश दिए।
03 और 04 अक्टूबर की शाम लागू रहेगा विशेष ट्रैफिक प्लान
बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने 03 अक्टूबर की शाम से 04 अक्टूबर की रात तक विशेष वन-वे एवं ट्रैफिक नियंत्रण व्यवस्था लागू की है।
शनिवार 03 अक्टूबर को शाम 5 बजे के बाद यातायात को वन-वे व्यवस्था के तहत संचालित किया जाएगा। भीमताल तिराहे की ओर से आने वाले वाहनों को हल्द्वानी की ओर एग्जिट कराया जाएगा। वहीं, शाम 5:30 बजे के बाद नैनीताल की ओर जाने वाले यातायात को करीब तीन घंटे तक नियंत्रित/रोककर मुख्य रूप से एग्जिट ट्रैफिक को सुचारु कराया जाएगा।
वहीं रविवार 04 अक्टूबर को शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक हल्द्वानी-काठगोदाम की ओर से नैनीताल, भीमताल और भवाली जाने वाले यातायात को करीब छह घंटे के लिए रोका जाएगा। इस दौरान नैनीताल, कैंची धाम, भीमताल और भवाली की ओर से आने वाले वाहनों के एग्जिट को प्राथमिकता दी जाएगी।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि 04 अक्टूबर को शाम 4 बजे के बाद नैनीताल, भीमताल और भवाली की ओर जाने वाले वाहन वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें।
प्रमुख चौराहों और डायवर्जन प्वाइंट पर पुलिस तैनात
यातायात व्यवस्था संभालने के लिए एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, एसपी सिटी हल्द्वानी हरबंस सिंह समेत सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, यातायात पुलिस, सीपीयू और चौकी प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में सड़क पर तैनात हैं।
पुलिसकर्मी प्रमुख चौराहों, डायवर्जन प्वाइंट और संवेदनशील स्थानों पर लगातार यातायात नियंत्रित कर रहे हैं। सड़क किनारे अनधिकृत रूप से वाहन पार्क करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई भी की जा रही है, ताकि अनावश्यक जाम की स्थिति पैदा न हो।
कैंची धाम में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शटल सेवा
कैंची धाम और अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों पर पहुंच रहे श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शटल सेवा एवं निर्धारित पार्किंग व्यवस्था की गई है। पुलिस ने श्रद्धालुओं से निजी वाहनों की संख्या कम करने के लिए कार-पूलिंग अपनाने और शटल सेवा का अधिक से अधिक इस्तेमाल करने की अपील की है।
नैनीताल पुलिस की अपील—यातायात नियमों का करें पालन
नैनीताल पुलिस ने पर्यटकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े करें। सड़क किनारे वाहन खड़ा कर यातायात बाधित न करें और वन-वे एवं डायवर्जन व्यवस्था का पालन करें। इसके साथ ही अनावश्यक ओवरटेकिंग, गलत लेन का प्रयोग और यातायात नियमों की अनदेखी से बचने को कहा गया है।
पुलिस ने कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं से शटल सेवा का प्रयोग करने तथा मौके पर तैनात यातायात पुलिस और स्थानीय पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।





































