ब्रेकिंग न्यूज़

भंडारीगांव में गुलदार ने 10 वर्षीय बालक को बनाया निवाला, घर के आंगन से उठाकर ले गया; झाड़ियों में मिला शव

गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। गंगोलीहाट तहसील मुख्यालय से करीब आठ किलोमीटर दूर भंडारीगांव में शनिवार को गुलदार के हमले की दर्दनाक घटना सामने आई। घर के आंगन में अपनी दादी के सामने खेल रहा 10 वर्षीय बालक अचानक गुलदार के हमले का शिकार हो गया। गुलदार बालक को उठाकर जंगल की ओर ले गया। घटना के बाद गांव में दहशत और मातम का माहौल है।
जानकारी के अनुसार शनिवार को बालक घर के आंगन में खेल रहा था। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक उस पर हमला कर दिया और उसे उठाकर ले गया। घटना इतनी तेजी से हुई कि परिजन और ग्रामीण कुछ समझ पाते, इससे पहले ही गुलदार बालक को लेकर वहां से निकल गया।
बालक के गायब होने की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल आसपास के जंगल तथा संभावित स्थानों पर उसकी तलाश शुरू कर दी। काफी खोजबीन के बाद घर से करीब 200 मीटर दूर झाड़ियों में बालक का शव बरामद हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों और कर्मचारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। घटना के बाद ग्रामीणों में गुलदार को लेकर भय का माहौल बना हुआ है और लोगों ने क्षेत्र में तत्काल सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
पहले भी उठाई गई थी गुलदार की सक्रियता की समस्या
ग्रामीणों के मुताबिक भंडारीगांव और आसपास के क्षेत्र में पिछले कुछ समय से गुलदार की सक्रियता बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि गुलदार की आवाजाही को लेकर पहले भी चिंता जताई जा चुकी थी।
ग्राम प्रधान दान सिंह मेहता ने बताया कि उन्होंने 25 सितंबर को जनता दरबार में जिलाधिकारी को पत्र देकर क्षेत्र में गुलदार की सक्रियता के संबंध में कार्रवाई की मांग की थी। इसके बावजूद शनिवार को हुई इस घटना ने ग्रामीणों की चिंता को और बढ़ा दिया है।
ग्राम प्रधान ने प्रशासन और वन विभाग से प्रभावित परिवार को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने के साथ ही क्षेत्र में गुलदार की सक्रियता पर प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है। ग्रामीणों ने आबादी वाले क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की भी मांग की है।
घटना के बाद वन विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर मौजूद रहीं।

संबंधित विभागों की ओर से घटनाक्रम की जांच और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। इस दर्दनाक घटना से गांव में शोक का माहौल है, वहीं ग्रामीणों में गुलदार की दहशत बढ़ गई है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  वीकेंड पर नैनीताल में पर्यटकों-श्रद्धालुओं का उमड़ा सैलाब, सड़कों पर उतरी नैनीताल पुलिस; एसएसपी ने संभाली यातायात व्यवस्था
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.