ब्रेकिंग न्यूज़

रामनगर में ट्रेन में चढ़ते समय युवक फिसला, ट्रेन की चपेट में आने से कटा दायां पैर, गंभीर हालत में हल्द्वानी रेफर

रामनगर (नैनीताल)। रामनगर रेलवे स्टेशन पर देर रात एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया। ट्रेन में चढ़ने के दौरान पैर फिसलने से 23 वर्षीय युवक ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में युवक का दायां पैर कटकर अलग हो गया। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय रामनगर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान 23 वर्षीय राजेंद्र सिंह, निवासी कसेरा लाइन, रामनगर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राजेंद्र सिंह रामनगर रेलवे स्टेशन पर सफाई कर्मचारी के पद पर तैनात है। देर रात वह ट्रेन में सवार होने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह चलती ट्रेन की चपेट में आ गया।

हादसा इतना गंभीर था कि राजेंद्र सिंह का दायां पैर कटकर अलग हो गया। घटना के बाद रेलवे स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय में चिकित्सकों की टीम ने घायल का प्राथमिक उपचार शुरू किया। चिकित्सकों के मुताबिक युवक की हालत गंभीर थी। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार और विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा के लिए उसे हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया।

फिलहाल घायल युवक का हायर सेंटर में उपचार जारी है। हादसे के बाद परिजनों में भी चिंता का माहौल है। मामले को लेकर संबंधित स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  भीमताल : भारी बारिश से प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, अधिकारियों को दिए त्वरित राहत और पुनर्वास के निर्देश
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.