नैनीताल ने जीता उत्तराखंड खो-खो का खिताब, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का रोमांचक समापन
नीरज तिवारी
कालाढूंगी/हल्द्वानी। नैनीताल जिले के कालाढूंगी क्षेत्र के चकलुवा स्थित राजकीय जूनियर हाईस्कूल देवीपुरा के खेल मैदान में आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता का रविवार को भव्य एवं रोमांचक समापन हुआ। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल, तेज गति और बेहतरीन तालमेल का प्रदर्शन किया। कड़े मुकाबले के बाद नैनीताल जिले की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उत्तराखंड की खो-खो चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
भगवती शाह स्पोर्ट्स क्लब एवं उत्तराखंड खो-खो एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस खेल महाकुंभ में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पहुंची टीमों ने प्रतिभाग किया। दो दिनों तक चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने मैदान पर अपनी प्रतिभा और खेल भावना का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए दर्शकों को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।
समापन समारोह में हल्द्वानी के मेयर गजराज बिष्ट मुख्य अतिथि तथा कांग्रेस नेता नीरज तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इसके अलावा उत्तराखंड खो-खो फेडरेशन के अध्यक्ष सुरेंद्र भूटियानी एवं सचिव रजत शर्मा सहित खेल जगत से जुड़े पदाधिकारी, प्रशिक्षक और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अतिथियों ने प्रतियोगिता स्थल पर पहुंचकर दोनों वर्गों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का महत्वपूर्ण जरिया है। खिलाड़ियों से मेहनत और निरंतर अभ्यास के साथ आगे बढ़ने तथा खेल भावना को हमेशा सर्वोच्च रखने का आह्वान किया गया।
फाइनल मुकाबले के बाद विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और मेडल देकर सम्मानित किया गया। नैनीताल की टीम की जीत पर खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और समर्थकों में उत्साह का माहौल रहा। आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों ने कहा कि इस तरह की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं से ग्रामीण एवं पर्वतीय क्षेत्रों की युवा प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का बेहतर मंच मिलता है।
समापन अवसर पर सुरेंद्र भूटियानी (अध्यक्ष, खो-खो फेडरेशन उत्तराखंड), रजत शर्मा (सचिव), गजराज बिष्ट (मेयर हल्द्वानी), नीरज तिवारी (कांग्रेस नेता), कोच राजेंद्र नेगी, मनमोहन बसेरा, राजेश बिष्ट, राहुल कुमटिया, आयोजक नीलेश कुमटिया, युवराज नेगी (कप्तान, नैनीताल बालक टीम), हिना बिष्ट (कप्तान, नैनीताल बालिका टीम) सहित प्रताप बिष्ट, पंकज नेगी, मुदित कुमटिया, सागर नेगी, विशाल कुमटिया, रजत कुमटिया, सिद्धार्थ कुमटिया, वंश कुमार, जतिन जलाल, कुनाल, छाया, निहारिका, टैक सिंह राणा, विप्लव कुमार, सौरभ सनवाल, अजय बचकेती, मनीष गोस्वामी आदि मौजूद रहे।

