बड़े वीकेंड पर नैनीताल पुलिस का शानदार ट्रैफिक मैनेजमेंट, 35 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए कैंचीधाम में दर्शन
SSP डॉ. मंजूनाथ टी.सी. की ग्राउंड पर मौजूदगी और सटीक रणनीति से सुगम रहा यातायात, डायवर्जन-शटल सेवा और एग्जिट मैनेजमेंट से नहीं बनने दिया जाम
नैनीताल। बड़े वीकेंड के चलते कैंचीधाम, भवाली और नैनीताल क्षेत्र में श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ने के बावजूद नैनीताल पुलिस ने प्रभावी ट्रैफिक मैनेजमेंट के जरिए यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा। कैंचीधाम में बाबा नीम करौली महाराज के दर्शन के लिए 35 हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंचे, लेकिन पुलिस की सटीक रणनीति के चलते कहीं भी गंभीर जाम की स्थिति नहीं बनने दी गई।
श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस ने यातायात के इनफ्लो और एग्जिट दोनों पर विशेष फोकस रखा। निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहनों को व्यवस्थित रूप से खड़ा कराया गया और वहां से श्रद्धालुओं को शटल बसों एवं टैक्सियों के माध्यम से कैंचीधाम तक पहुंचाया गया। दर्शन के बाद श्रद्धालुओं को भीड़ में फंसने से बचाते हुए लगातार व्यवस्थित तरीके से उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया।
पुलिस द्वारा शाम 4 बजे से विशेष डायवर्जन प्लान लागू किया गया। अल्मोड़ा और गरमपानी की ओर से आने वाले यातायात को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया गया, जिससे कैंचीधाम और भवाली क्षेत्र में वाहनों का दबाव नियंत्रित रहा। यातायात की स्थिति के अनुसार कई स्थानों पर टू-लेन संचालन भी कराया गया, ताकि वाहनों का फ्लो लगातार बना रहे।
ग्राउंड पर खुद मोर्चा संभाले रहे SSP
व्यवस्था की सफलता में नैनीताल के SSP डॉ. मंजूनाथ टी.सी. की ग्राउंड पर मौजूदगी अहम रही। SSP स्वयं प्रमुख स्थानों पर यातायात व्यवस्था की लगातार मॉनिटरिंग करते रहे और मौके की स्थिति के अनुसार तत्काल आवश्यक निर्णय लेते रहे। पुलिस अधिकारियों और जवानों को लगातार दिशा-निर्देश दिए गए, जिससे यातायात संचालन में किसी तरह की बाधा उत्पन्न नहीं हुई।
ट्रैफिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए SP क्राइम/ट्रैफिक, SP सिटी हल्द्वानी, SP संचार नैनीताल, CO स्तर के अधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारी, ट्रैफिक इंस्पेक्टर, CPU, PAC, होमगार्ड तथा पुलिस बल को प्रमुख स्थानों पर तैनात किया गया था।
टैक्सी यूनियन के साथ पहले ही बनाई गई रणनीति
नैनीताल पुलिस ने बड़े वीकेंड को देखते हुए काठगोदाम-हल्द्वानी टैक्सी यूनियन एवं वाहन संचालकों के साथ पूर्व बैठक भी की थी। बैठक में डायवर्जन प्लान, पार्किंग व्यवस्था और एग्जिट प्लान की जानकारी दी गई थी। वाहन संचालकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने तथा ट्रैफिक नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए थे।
पुलिस की डायवर्जन व्यवस्था, शटल सेवा, टू-लेन संचालन और प्रभावी एग्जिट मैनेजमेंट की संयुक्त रणनीति का नतीजा रहा कि हजारों श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर बाबा नीम करौली महाराज के दर्शन किए और इसके बाद बिना किसी बड़ी परेशानी के अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए।
भारी भीड़ के बावजूद यातायात व्यवस्था सुचारु रहने पर श्रद्धालुओं और आमजन ने भी नैनीताल पुलिस की व्यवस्थाओं की सराहना की।
नैनीताल पुलिस ने कहा कि श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन, सुरक्षित यातायात और सकुशल गंतव्य तक पहुंचाना पुलिस की प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य के साथ भविष्य में भी यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखा जाएगा।

