प्रेम प्रसंग में मोटर मैकेनिक की पीट-पीटकर हत्या, महिला समेत सात पर मुकदमा; चार आरोपी गिरफ्तार

उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जिले के चिन्यालीसौड़ क्षेत्र में प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद ने खूनी रूप ले लिया। गांव के कुछ लोगों ने एक मोटर मैकेनिक युवक के साथ कथित तौर पर बेरहमी से मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। अस्पताल में उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। मामले में मृतक के बड़े भाई की तहरीर पर पुलिस ने एक महिला समेत सात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, चिन्यालीसौड़ के बधाण निवासी 34 वर्षीय रोशन लाल पुत्र स्व. नैननाल की चिन्यालीसौड़ में मोटर मैकेनिक की दुकान थी। बताया गया कि रोशन गांव के ही कुछ लोगों के साथ कुटेटी बैरियर की ओर घूमने गया था। इसी दौरान उसके साथ मौजूद लोगों ने उसके साथ मारपीट कर दी। मारपीट में रोशन गंभीर रूप से घायल हो गया।

आरोप है कि घटना के बाद आरोपी घायल रोशन को जिला अस्पताल में भर्ती कराने के बाद वहां से फरार हो गए। अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा था, लेकिन उसकी हालत गंभीर होने के कारण उसने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

मृतक के बड़े भाई संजय लाल की तहरीर पर पुलिस ने रामलाल, लखमा देवी, अर्जुन, विकास, मनोज, केशव और विरेन्द्र के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू की।

धरासू पुलिस ने चार आरोपियों अर्जुन, विकास, विरेन्द्र और केशव को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

महिला को लेकर शुरू हुआ था विवाद

मृतक के भाई संजय लाल के अनुसार, रोशन लाल अविवाहित था। उन्होंने बताया कि 29 सितंबर को रोशन गांव की एक महिला को अपने साथ लेकर शादी करने के इरादे से चला गया था। उक्त महिला दो बच्चों की मां बताई जा रही है। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने रोशन और महिला को स्यांसू बैरियर के पास से पकड़ लिया था।

परिजनों के अनुसार, इसके बाद 1 अक्टूबर को एक आरोपी ने फोन कर रोशन को कोर्ट भेजने की बात कही थी, ताकि महिला का उसके पति से तलाक कराया जा सके। इसी घटनाक्रम के बाद रोशन के साथ मारपीट किए जाने और उसकी मौत का मामला सामने आया है।

पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। प्रेम प्रसंग, महिला को साथ ले जाने, उसके बाद आरोपियों द्वारा रोशन को बुलाने और फिर उसके साथ हुई मारपीट के बीच क्या संबंध था, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि घटना में शामिल सभी आरोपियों की क्या-क्या भूमिका थी।

पुलिस जांच में सामने आएगा हत्या का पूरा कारण

कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। शेष आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस घटनास्थल, अस्पताल में भर्ती कराने से लेकर युवक की मौत तक की पूरी परिस्थितियों की जांच कर रही है। मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एक प्रेम प्रसंग से शुरू हुआ विवाद अब हत्या के मुकदमे तक पहुंच गया है। घटना के बाद क्षेत्र में भी चर्चाओं का दौर है और पुलिस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच में जुटी हुई है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  कैंची धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, 36 हजार श्रद्धालुओं ने किए बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.