नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (कूटा) ने उत्तराखंड सरकार में दर्जा राज्य मंत्री दिनेश आर्य को राज्यसभा सदस्य के लिए उम्मीदवार नामित किए जाने पर खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। कूटा अध्यक्ष प्रो. ललित तिवारी ने कहा कि दिनेश आर्य का राज्यसभा के लिए नामित होना उत्तराखंड के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
प्रो. ललित तिवारी ने कहा कि दिनेश आर्य सरल, सहज एवं मिलनसार व्यक्तित्व के धनी हैं। वह हमेशा समाज के साथ मजबूती से खड़े रहे हैं और संगठन के प्रति समर्पित कार्यकर्ता के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिनेश आर्य को राज्यसभा में जाने का अवसर मिलने से उत्तराखंड की विभिन्न समस्याओं और जनहित से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाने में मदद मिलेगी।
दिनेश आर्य पूर्व में माननीय मुख्यमंत्री के पीआरओ के रूप में भी कार्य कर चुके हैं। दिसंबर 2023 में उत्तराखंड सरकार ने उन्हें उत्तराखंड राज्य स्तरीय पेयजल अनुश्रवण परिषद का उपाध्यक्ष नियुक्त किया था। इस जिम्मेदारी के साथ उन्हें दर्जा राज्यमंत्री प्रदान किया गया था। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने संगठनात्मक और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर सक्रिय भूमिका निभाई।
कूटा अध्यक्ष ने कहा कि दिनेश आर्य का लंबे समय से सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय योगदान रहा है। उनके अनुभव, सरल व्यवहार और जनसंपर्क की क्षमता का लाभ राज्यसभा में उत्तराखंड को मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि दिनेश आर्य सदन में उत्तराखंड के हितों को मजबूती से उठाएंगे।
इस अवसर पर डॉ. बी.एस. कालाकोटी, डॉ. एस.एस. सामंत, ज्योति कांडपाल और डॉ. भुवन आर्य सहित कूटा से जुड़े शिक्षकों ने भी दिनेश आर्य को राज्यसभा उम्मीदवार नामित किए जाने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने उनके उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वे राष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड की आवाज को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करेंगे।

