ट्रिपल मर्डर से दहला देहरादून, बदमाश ने घर में घुसकर रिटायर्ड दंपति और नौकरानी की पेंचकस से गोद-गोद कर बेरहमी से की हत्या

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में बुधवार को दिनदहाड़े हुए ट्रिपल मर्डर से सनसनी फैल गई। तपोवन रोड स्थित विष्णुलोक कॉलोनी में एक घर के भीतर बुजुर्ग दंपती और उनकी नौकरानी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। तीनों पर पेचकस से कई वार किए गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान रमेश कपूर, उनकी पत्नी रजनी कपूर और घरेलू सहायिका शीला, निवासी दरभंगा, बिहार के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कोरोनेशन अस्पताल भेज दिया है।

प्लंबिंग के काम के लिए घर बुलाया था आरोपी

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी पेशे से प्लंबर है और बुजुर्ग दंपती उसे पहले से जानते थे। बताया जा रहा है कि दंपती ने मंगलवार को उसे प्लंबिंग के काम के लिए अपने घर बुलाया था। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, काम पूरा होने के बाद किसी बात को लेकर आरोपी और बुजुर्ग दंपती के बीच विवाद हो गया।

इसी विवाद के बाद आरोपी ने कथित तौर पर पेचकस से तीनों पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में बुजुर्ग दंपती और नौकरानी गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या के पीछे वास्तविक वजह क्या थी।

शोर सुनकर पड़ोसी पहुंचे, आरोपी को दबोचा

वारदात के दौरान घर से शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों को अपनी ओर आता देख आरोपी वहां से भागने लगा। बताया जा रहा है कि उसने लोगों को पेचकस दिखाकर डराने का प्रयास भी किया, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया।

आरोपी को पकड़ने के बाद लोगों ने उसकी पिटाई की और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। उसके बयान और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस हत्या की पूरी कड़ी जोड़ने का प्रयास कर रही है।

लूट की नीयत से हत्या या विवाद बना वजह? जांच में जुटी पुलिस

शुरुआती तौर पर वारदात को लूटपाट से भी जोड़कर देखा जा रहा था, लेकिन आरोपी के बुजुर्ग दंपती के परिचित होने और प्लंबिंग के काम के लिए घर आने की बात सामने आने के बाद पुलिस हत्या के पीछे अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।

पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घर के भीतर की स्थिति, सामान, संभावित विवाद, आरोपी और मृतकों के बीच पुराने संबंध तथा घटना से पहले की गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

ट्रिपल मर्डर की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मौके से मिले संदिग्ध सामान और अन्य साक्ष्यों को जांच के लिए सुरक्षित किया है।

तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत की परिस्थितियों और चोटों की प्रकृति के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

ट्रिपल मर्डर से दहशत में विष्णुलोक कॉलोनी

विष्णुलोक कॉलोनी जैसे इलाके में दिनदहाड़े एक ही घर में तीन लोगों की हत्या से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। घटना के बाद कॉलोनी में लोगों की भीड़ जुट गई। वहीं, मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

राजधानी देहरादून में एक साथ तीन लोगों की हत्या की इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और घटना के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही हत्या की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  भाजपा ने दिनेश आर्य को बनाया उत्तराखंड से राज्यसभा प्रत्याशी; नैनीताल में कार्यकर्ताओं ने बांटी मिठाई

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.