नैनीताल कृष्णापुर के वासी डेढ़ किलोमीटर मोटर मार्ग की मांग को लेकर नो रोड नो वोट के साथ सैकड़ों लोगों ने घेरा डीएम ऑफिस
रिपोर्टर गुडडू सिह ठठोला
नैनीताल। सड़क की मांग को लेकर कृष्णापुर क्षेत्र के लोगों का आंदोलन अब तेज हो गया है। लंबे समय से धरना-प्रदर्शन कर रहे कृष्णापुरवासियों ने बुधवार को अपने परिवार और बच्चों के साथ नैनीताल जिला मुख्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव किया। ग्रामीणों के समर्थन में विभिन्न संगठनों, जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने भी प्रदर्शन में हिस्सा लिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी करते हुए सरकार और प्रशासन से जल्द सड़क निर्माण की मांग की।
प्रदर्शन में स्कूली बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक शामिल रहे। बच्चों ने भी सड़क की मांग को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र को जोड़ने वाली सड़क बलियानाले की आपदा में क्षतिग्रस्त होकर बह गई थी। इसके बाद से कृष्णापुर क्षेत्र के लोगों की आवाजाही बेहद मुश्किल हो गई है। ग्रामीणों के अनुसार, सड़क निर्माण की मांग को लेकर कई बार आंदोलन और धरना-प्रदर्शन किए गए, लेकिन अब तक उनकी समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
स्कूल जाने वाले बच्चों और मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी
ग्रामीणों ने कहा कि सड़क नहीं होने के कारण रोजमर्रा की आवाजाही प्रभावित हो रही है। स्कूली बच्चों को आने-जाने में परेशानी उठानी पड़ रही है, जबकि गंभीर रूप से बीमार मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाना भी चुनौती बन गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आपदा के बाद से क्षेत्र के लोगों को लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन उनकी समस्या को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि कृष्णापुर नैनीताल शहर से सटा हुआ क्षेत्र है और इसके बावजूद यहां के लोगों को बेहतर सड़क सुविधा नहीं मिल पा रही है। ग्रामीणों ने सरकार से मांग की कि जब तक स्थायी सड़क का निर्माण नहीं होता, तब तक क्षेत्र को जोड़ने के लिए तत्काल वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराया जाए।
‘रोड नहीं तो वोट नहीं’ का ऐलान
कलेक्ट्रेट घेराव के दौरान कृष्णापुरवासियों ने ‘रोड नहीं तो वोट नहीं’ का नारा बुलंद किया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी सड़क की मांग पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और अधिक उग्र किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने यहां तक ऐलान किया कि मांग पूरी नहीं होने की स्थिति में वे 2027 के विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करेंगे।
ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि जब तक सड़क निर्माण को लेकर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि अब आश्वासन नहीं, बल्कि सड़क निर्माण के लिए जमीन पर काम शुरू होना चाहिए।
परिवार और बच्चों के साथ पहुंचे ग्रामीण
कृष्णापुर के लोगों ने इस बार अपने परिवार और बच्चों के साथ जिला मुख्यालय पहुंचकर अपनी समस्या को प्रशासन के सामने रखा। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने कहा कि लंबे समय से उनकी आवाज उठाई जा रही है, लेकिन समाधान नहीं होने के कारण अब उन्हें जिला मुख्यालय का घेराव करने के लिए मजबूर होना पड़ा है।
प्रदर्शन में पूर्व पालिका अध्यक्ष सचिव नेगी, कैलाश रौतेला, समाजसेवी शीलू कुमार, रेखा जोशी, सभासद भगवत रावत, सभासद गजाल कमाल, डीएन भट्ट, सभासद बाबूलाल, दिनेश भट्ट समेत बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराने और स्थायी सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने की मांग की।

