ग्राफिक एरा भीमताल कैंपस में रक्तदान शिविर, 150 यूनिट रक्त एकत्र; 600 से अधिक लोगों को किया जागरूक

भीमताल। ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, भीमताल कैंपस में एनएसएस इकाई एवं कॉलेज ऑफ नर्सिंग के संयुक्त तत्वावधान में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों और सहयोगी कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान कुल 150 यूनिट रक्त एकत्र किया गया।

रक्तदान के महत्व और जरूरतमंद मरीजों के जीवन में इसके योगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित अभियान के तहत विश्वविद्यालय परिसर में 600 से अधिक विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों को रक्तदान के लिए जागरूक किया गया। एनएसएस स्वयंसेवकों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से रक्तदान से जुड़ी भ्रांतियों और आशंकाओं को दूर करने का प्रयास किया। स्वयंसेवकों ने लोगों को समझाया कि स्वस्थ व्यक्ति द्वारा किया गया स्वैच्छिक रक्तदान किसी जरूरतमंद के लिए जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

शिविर का शुभारंभ कुमाऊं क्षेत्र के पूर्व एनएसएस समन्वयक एवं वरिष्ठ एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी एल.एम. पांडेय तथा कुमाऊं क्षेत्र के एनएसएस जिला समन्वयक प्रो. जे.एस. नेगी ने किया। अतिथियों ने रक्तदान को मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों और कर्मचारियों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान किया।

शिविर में रक्त संग्रह की जिम्मेदारी हल्द्वानी सिटी ब्लड सेंटर एवं सोबन सिंह जीना बेस अस्पताल, हल्द्वानी की मेडिकल टीमों ने संभाली। रक्तदान से पहले प्रत्येक इच्छुक व्यक्ति की आवश्यक चिकित्सकीय जांच की गई। जांच प्रक्रिया के बाद 200 लोग रक्तदान के लिए चिकित्सकीय रूप से योग्य पाए गए, जिनमें से शिविर के दौरान 150 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।

शिविर में विश्वविद्यालय के विभिन्न वर्गों की सामूहिक भागीदारी देखने को मिली। भीमताल कैंपस के निदेशक ने स्वयं रक्तदान कर विद्यार्थियों और कर्मचारियों को इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित किया। इसके अलावा शिक्षकों, विद्यार्थियों, ड्राइवरों, कंडक्टरों और मेंटेनेंस स्टाफ ने भी रक्तदान के साथ-साथ शिविर की व्यवस्थाओं में सक्रिय सहयोग दिया।

आयोजकों ने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि जरूरत के समय किसी व्यक्ति के जीवन को बचाने का माध्यम भी है। शिविर में विश्वविद्यालय समुदाय की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने सामाजिक जिम्मेदारी, मानवीय संवेदना और समाजसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  चम्पावत के बनबसा में पहली बार धामी कैबिनेट की बैठक, सीमांत क्षेत्र से लिए जा रहे सरकार के फैसले; बोले सीएम- शासन को जनता के करीब लाना प्राथमिकता

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.