नैनीताल में बारिश के बीच बिजली के तारों में लगी भीषण आग, दो बार हुआ ट्रांसफार्मर में ब्लास्ट
राजभवन रोड पर तारों के आपस में छूने से निकली चिंगारी ने पकड़ी आग, विद्युत आपूर्ति ठप होने से मचा हड़कंप; गनीमत रही बड़ा हादसा टला
रिपोर्टरा : गुड्डू सिँह ठठोला
नैनीताल। बुधवार शाम नैनीताल में तेज बारिश और बादलों की जोरदार गड़गड़ाहट के बीच बिजली के तारों में आग लगने से हड़कंप मच गया। मां नयना देवी मंदिर के समीप न्यू पालिका मार्केट से लगे जंगल क्षेत्र में राजभवन रोड पर बिजली के खंभों से झूल रहे दो तार आपस में छू गए। तारों के आपस में संपर्क में आते ही पहले तेज चिंगारियां निकलीं और देखते ही देखते तारों में आग भड़क उठी।
शाम करीब छह बजे बारिश शुरू होने के साथ ही आसमान में बिजली कड़कने और बादलों की तेज गड़गड़ाहट से शहर में अफरा-तफरी का माहौल था। इसी दौरान राजभवन रोड पर बिजली के तारों में आग लगने की घटना सामने आई। बारिश के बीच तारों से निकलती तेज लपटों को देखकर आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो भी बना लिया, जिसमें बिजली के तारों से उठती आग की लपटें स्पष्ट दिखाई दे रही हैं।
दो बार हुआ ट्रांसफार्मर में ब्लास्ट, बिजली आपूर्ति ठप
बताया गया कि तारों में आग लगने के दौरान ट्रांसफार्मर में भी दो बार जोरदार ब्लास्ट हुआ। इसके बाद क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। घटना के चलते आसपास के लोगों में भी भय का माहौल बन गया। विशेष रूप से उस समय राजभवन रोड पर वाहनों की आवाजाही अधिक थी।
दरअसल, शाम के समय मॉलरोड बंद होने के बाद यातायात को डायवर्ट कर राजभवन मार्ग से भेजा जा रहा था। ऐसे में सड़क पर वाहनों की आवाजाही बढ़ी हुई थी। जलते हुए बिजली के तार यदि टूटकर सड़क से गुजर रहे वाहनों या लोगों पर गिर जाते तो बड़ा हादसा हो सकता था।
गीले पेड़-पत्तों ने टाला बड़ा खतरा
गनीमत रही कि उस समय बारिश हो रही थी और जंगल क्षेत्र में पेड़-पौधों के पत्ते व टहनियां गीली थीं। इसके चलते आग ने आसपास के पेड़ों और जंगल को अपनी चपेट में नहीं लिया। हालांकि, बिजली के तारों में काफी देर तक आग और चिंगारियां निकलती रहीं, जिससे लोगों में दहशत बनी रही।
स्थानीय व्यवसायी महेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि आंधी-तूफान और बारिश के बीच दो बिजली के तार आपस में चिपक गए, जिससे चिंगारी निकलने के बाद आग लग गई। आग की चपेट में आने से पेड़ का एक हिस्सा भी झुलस गया। घटना की सूचना तत्काल विद्युत विभाग को दी गई।
सूचना मिलने के बाद विद्युत विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और बिजली हेडक्वार्टर से संपर्क कर संबंधित लाइन का शटडाउन लिया गया। विद्युत आपूर्ति बंद होने के बाद कर्मचारियों ने आपस में चिपके बिजली के तारों को अलग किया और स्थिति को नियंत्रित किया।
पहले भी पालिका मार्केट में हो चुका है बड़ा हादसा
स्थानीय व्यापारियों ने बिजली के तारों की व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है। महेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि पालिका मार्केट क्षेत्र में पहले भी शॉर्ट सर्किट की घटना हो चुकी है, जिसमें तीन दुकानें जलकर राख हो गई थीं और लाखों रुपये का नुकसान हुआ था।
उन्होंने विद्युत विभाग से मांग की कि राजभवन रोड और पालिका मार्केट क्षेत्र में झूल रहे बिजली के तारों को व्यवस्थित किया जाए तथा पुराने और जर्जर तारों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो।
बारिश के दौरान बिजली के तारों में आग लगने की घटना ने एक बार फिर नैनीताल जैसे भीड़भाड़ वाले पर्यटन शहर में विद्युत सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते तारों की मरम्मत और व्यवस्थित व्यवस्था नहीं की गई तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।

