नैनीताल। वीकेंड के दौरान श्री कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस-प्रशासन ने यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक एवं डायवर्जन प्लान जारी किया है।

यह व्यवस्था 10 और 11 अक्टूबर 2026 को प्रभावी रहेगी। पुलिस ने पर्यटकों, श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से अपील की है कि यात्रा से पहले निर्धारित रूट और डायवर्जन व्यवस्था की जानकारी जरूर लें।

सुबह 3 बजे से रात 11 बजे तक भारी वाहनों पर रोक

वीकेंड को देखते हुए कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में समस्त प्रकार के भारी वाहनों का आवागमन सुबह 3:00 बजे से रात 11:00 बजे तक प्रतिबंधित रहेगा। भारी वाहनों को जनपद की सीमा पर ही रोक दिया जाएगा, ताकि पर्यटक वाहनों और श्रद्धालुओं के आवागमन में किसी तरह की बाधा न हो।

अल्मोड़ा-बागेश्वर-पिथौरागढ़ से आने-जाने वाले वाहनों के लिए डायवर्जन

सुबह 5 बजे से रात 8 बजे तक केमू बसों, निजी बसों और चौपहिया वाहनों के लिए निर्धारित डायवर्जन व्यवस्था लागू रहेगी।

अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ की ओर से मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहनों को लमगड़ा–धानाचूली–धारी–खुटानी बैण्ड–भीमताल होते हुए अपने गंतव्य की ओर भेजा जाएगा।

इसी प्रकार रानीखेत से मैदानी क्षेत्र की ओर जाने वाले वाहनों को क्वारब–ओड़ाखान–रामगढ़–खुटानी बैण्ड–भीमताल मार्ग से भेजा जाएगा।

हल्द्वानी-काठगोदाम से पहाड़ जाने वाले वाहनों के लिए भी रूट तय

हल्द्वानी, काठगोदाम और मैदानी क्षेत्रों से अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ जाने वाले वाहनों को खुटानी बैण्ड, भीमताल से धारी और धानाचूली बैण्ड होते हुए गंतव्य की ओर भेजा जाएगा।

वहीं काठगोदाम से रानीखेत की ओर जाने वाले वाहनों को खुटानी से डायवर्ट कर मुक्तेश्वर–रामगढ़ मार्ग से भेजा जाएगा।

कैंची धाम जाने वाले पर्यटक वाहनों के लिए पार्किंग और शटल व्यवस्था

वीकेंड पर कैंची धाम में अत्यधिक भीड़ की संभावना को देखते हुए बाहरी जनपदों और राज्यों से आने वाले पर्यटकों के निजी वाहनों को सीधे मंदिर क्षेत्र तक ले जाने के बजाय निर्धारित पार्किंग स्थलों में पार्क कराया जाएगा।

भीमताल की ओर से कैंची धाम जाने वाले पर्यटकों के वाहनों को भीमताल विकास भवन पार्किंग में पार्क कराया जाएगा। यहां से श्रद्धालुओं को स्थानीय शटल सेवा के माध्यम से भवाली और कैंची धाम मंदिर दर्शन के लिए भेजा जाएगा।

वहीं गेठिया/नैनीताल की ओर से कैंची धाम जाने वाले पर्यटकों के वाहनों को भवाली सैनिटोरियम पार्किंग में पार्क कराया जाएगा। यहां से स्थानीय शटल सेवा के जरिए श्रद्धालुओं को कैंची धाम मंदिर तक पहुंचाया जाएगा।

टैक्सी और दोपहिया वाहनों के प्रवेश पर भी प्रतिबंध

वीकेंड के दौरान कैंची धाम क्षेत्र और नैनीताल में टैक्सी एवं दोपहिया वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अनावश्यक परेशानी और यातायात जाम से बचने के लिए निर्धारित पार्किंग और शटल सेवा का ही इस्तेमाल करें।

पुलिस की पर्यटकों से अपील

नैनीताल पुलिस ने सभी पर्यटकों, श्रद्धालुओं, आमजन, वाहन स्वामियों एवं चालकों से अपील की है कि 10 और 11 अक्टूबर को कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र की यात्रा करते समय निर्धारित ट्रैफिक एवं डायवर्जन प्लान का पालन करें।

पुलिस का उद्देश्य वीकेंड पर बढ़ने वाली पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या के बीच यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना और लोगों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी : गर्दन का दर्द ठीक कराने के लिए लिया ‘झटका’, महिला की मौत से मचा हड़कंप

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.