कालाढूंगी में कोटाबाग ब्लॉक की नयागांव क्षेत्र पंचायत सीट पर उपचुनाव संपन्न

14 अक्टूबर को कोटाबाग में होगी मतगणना, तीन प्रत्याशियों के बीच मुकाबला

रिपोर्टर – नीरज तिवारी

कालाढूंगी। उत्तराखंड के कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कोटाबाग ब्लॉक की महत्वपूर्ण नयागांव क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) सीट पर उपचुनाव सोमवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। मतदान को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की आवाजाही बनी रही।

प्रशासनिक जानकारी के अनुसार नयागांव की क्षेत्र पंचायत सदस्य सीट तत्कालीन बीडीसी सदस्य मनोहर आर्या के आकस्मिक निधन के बाद रिक्त हुई थी। रिक्त सीट पर उपचुनाव कराया गया, जिसमें क्षेत्र के 1,500 से अधिक पंजीकृत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

मतदान अधिकारियों के अनुसार दोनों मतदान केंद्रों पर मतदाताओं ने उत्साह के साथ मतदान किया और कुल करीब 65 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। ग्रामीण क्षेत्र में हुए इस उपचुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां भी तेज रहीं और तीन प्रत्याशियों के बीच मुकाबला होने के कारण पूरे क्षेत्र में चुनावी चर्चाएं बनी रहीं।

मतदान प्रक्रिया के दौरान प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। दोनों बूथों पर पुलिस बल तैनात रहा और पुलिस प्रशासन ने मतदान केंद्रों पर लगातार निगरानी बनाए रखी। शांतिपूर्ण वातावरण में मतदान संपन्न होने के बाद प्रशासन ने भी राहत की सांस ली।

अब सभी प्रत्याशियों और समर्थकों की निगाहें 14 अक्टूबर को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं। प्रशासन के अनुसार विकासखंड कार्यालय कोटाबाग में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना कराई जाएगी। मतगणना के बाद परिणाम घोषित किया जाएगा और यह स्पष्ट हो जाएगा कि नयागांव क्षेत्र पंचायत सदस्य सीट की कमान किस प्रत्याशी के हाथों में जाती है।

करीब 65 प्रतिशत मतदान के बाद अब प्रत्याशियों की जीत-हार को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। 14 अक्टूबर को होने वाली मतगणना के साथ ही नयागांव बीडीसी उपचुनाव का परिणाम सामने आएगा।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  उत्तराखंड में फिर बदलेगा मौसम का मिज ; पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी के आसार

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.