2027 चुनाव की तैयारी में जुटे आनंद सिंह दरमवाल, कालाढूंगी सीट से चुनाव लड़ने का किया ऐलान

30 साल की पार्टी सेवा का दिया हवाला, कालाढूंगी से टिकट के लिए आनंद सिंह दरमवाल ने पेश की दावेदारी

धामी के नेतृत्व में तीसरी बार भाजपा सरकार बनने का दावा, आनंद सिंह दरमवाल ने कांग्रेस पर साधा निशाना
हल्द्वानी। उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों में चुनावी तैयारियों के साथ दावेदारों ने भी अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। इसी क्रम में नैनीताल जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता आनंद सिंह दरमवाल ने कालाढूंगी विधानसभा सीट से अपनी दावेदारी पेश कर राजनीतिक हलकों में हलचल बढ़ा दी है।

आनंद सिंह दरमवाल ने आगामी विधानसभा चुनाव में कालाढूंगी सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर करते हुए कहा कि वह पिछले करीब 30 वर्षों से भारतीय जनता पार्टी के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम कर रहे हैं। उन्होंने ग्राम प्रधान के रूप में अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की और इसके बाद ब्लॉक प्रमुख तथा नैनीताल जिला पंचायत के उपाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी जिम्मेदारी निभाई। वर्तमान में उनकी पत्नी नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष के पद पर हैं।

दरमवाल का कहना है कि लंबे समय से संगठन और क्षेत्र की जनता के बीच रहकर उन्होंने काम किया है। उन्हें क्षेत्र की समस्याओं, जनता की अपेक्षाओं और विकास की जरूरतों की अच्छी समझ है। यदि पार्टी का शीर्ष नेतृत्व और संगठन उन पर भरोसा जताते हुए कालाढूंगी विधानसभा सीट से टिकट देता है तो वह पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरेंगे।

उन्होंने दावा किया कि पार्टी ने उन्हें अवसर दिया तो वह केवल कालाढूंगी सीट ही नहीं, बल्कि नैनीताल जिले की सभी छह विधानसभा सीटों पर भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए कार्य करेंगे। उनका कहना है कि भाजपा का मजबूत संगठन और कार्यकर्ताओं की मेहनत पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है।

वहीं, कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आनंद सिंह दरमवाल ने कहा कि कांग्रेस की राजनीतिक स्थिति लगातार कमजोर हो रही है और उसकी नाव डूबती नजर आ रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में लड़े जाएंगे और भाजपा प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी।

दरमवाल ने दावा किया कि भाजपा इस बार 60 सीटों के लक्ष्य के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी और कांग्रेस को करारा जवाब देगी। उनके इस बयान के बाद कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के भीतर चुनावी दावेदारियों और राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज होने की संभावना है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जगतपुर गौलापार में शुरू कराई धान कटाई, किसानों से किया सीधा संवाद

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.