भीषण सड़क हादसा, शादी में जा रहे परिवार की खुशियां मातम में बदलीं; ऑटो पलटने से महिला की मौत, दूसरी का पैर कटा

रामनगर। रामनगर में नेशनल हाईवे-309 पर चिल्किया के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक परिवार की शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। पीछे से तेज रफ्तार में आ रही स्विफ्ट डिजायर कार ने सवारियों से भरे ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क पर कई बार पलट गया। हादसे में 50 वर्षीय महिला रुखसाना की मौत हो गई, जबकि 30 वर्षीय चांदनी गंभीर रूप से घायल हो गई। चांदनी का पैर एड़ी के पास से कटकर लगभग पूरी तरह अलग हो गया। हादसे में कई अन्य लोग भी घायल हुए हैं। ऑटो में छोटे बच्चों समेत करीब 12 लोग सवार बताए जा रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, रामनगर के खताड़ी निवासी 50 वर्षीय रुखसाना अपने परिवार के सदस्यों के साथ ऑटो संख्या UK18TA-1804 में सवार होकर पीरूमदारा स्थित आशीर्वाद बैंक्वेट हॉल में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रही थीं। परिवार के सभी सदस्य शादी में शामिल होने को लेकर उत्साहित थे।

इसी दौरान नेशनल हाईवे-309 पर चिल्किया के पास राइस मिल के नजदीक पीछे से तेज रफ्तार में आ रही स्विफ्ट डिजायर कार संख्या UK19TA-1298 ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो सड़क पर अनियंत्रित होकर कई बार पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

 मृतका के बेटे नासिर ने बताया कि ऑटो में छोटे-छोटे बच्चों सहित परिवार के करीब 12 सदस्य सवार थे। परिवार शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहा था, तभी पीछे से आ रही कार ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ऑटो कई बार पलट गया, जिससे उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। नासिर के मुताबिक, हादसे के बाद कार चालक मौके से चला गया। जिस परिवार में शादी समारोह को लेकर खुशियों का माहौल था, वहां अब एक सदस्य की मौत के बाद मातम पसरा हुआ है।

 इस दर्दनाक सड़क हादसे ने एक बार फिर यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ऑटो में छोटे बच्चों समेत करीब 12 लोगों के सवार होने की बात सामने आई है। ऐसे में क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने की आशंका भी जताई जा रही है। वहीं, पीछे से तेज रफ्तार कार की टक्कर को भी हादसे की अहम वजह माना जा रहा है। हादसे में एक महिला की जान चली गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। परिवार के सदस्य अस्पतालों में अपनों के बेहतर उपचार की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

 वहीं, इस संबंध में रामनगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसमें किसकी लापरवाही रही, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, जांच के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस हादसे के बाद मृतका के परिवार में शोक की लहर है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी में 17वें जोहार महोत्सव का भव्य शुभारंभ, पारंपरिक वेशभूषा में निकली सांस्कृतिक झांकी ने मोहा मन

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.