‘हमारा हल्द्वानी रील प्रतियोगिता–2026’ का भव्य समापन, 183 प्रतिभागियों ने दिखाया हुनर; विजेताओं को किया सम्मानित

दीप चन्द्र भट्ट ने मारी बाजी, हेमन्त सिंह बिष्ट दूसरे और मो. आसिम मिकरानी रहे तीसरे स्थान पर; महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने विजेताओं को किया सम्मानित

हल्द्वानी-काठगोदाम। शहर की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और हल्द्वानी की सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सुंदरता एवं पर्यटन स्थलों को डिजिटल मंच पर नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम की ओर से आयोजित ‘हमारा हल्द्वानी रील प्रतियोगिता-2026’ का भव्य समापन हो गया। प्रतियोगिता में शहर के युवाओं और सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। कुल 183 प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता, कल्पनाशीलता और तकनीकी कौशल का प्रदर्शन करते हुए हल्द्वानी की खूबसूरती को अपनी-अपनी रील्स के माध्यम से लोगों तक पहुंचाया।

समापन समारोह में महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने विजेताओं को सम्मानित करते हुए कहा कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य हल्द्वानी की स्थानीय प्रतिभाओं को एक बेहतर मंच उपलब्ध कराना और शहर की विशेषताओं को डिजिटल माध्यम से देश-दुनिया तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी केवल कुमाऊं का प्रवेश द्वार ही नहीं, बल्कि अपनी सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक पहचान, पर्यटन स्थलों, स्थानीय खानपान, व्यापारिक गतिविधियों और प्राकृतिक सौंदर्य के लिए भी विशेष पहचान रखता है।

महापौर ने कहा कि आज के डिजिटल युग में सोशल मीडिया शहरों की पहचान को व्यापक स्तर पर स्थापित करने का प्रभावशाली माध्यम बन चुका है। ऐसे में युवाओं और कंटेंट क्रिएटर्स की रचनात्मकता का उपयोग शहर की सकारात्मक छवि को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभागियों ने हल्द्वानी के विभिन्न पहलुओं को नए और आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत किया है।

नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल 183 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। निर्णायक मंडल ने सभी प्रतिभागियों द्वारा तैयार की गई रील्स का विभिन्न मानकों पर मूल्यांकन किया। इसके बाद उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन प्रतिभागियों को विजेता घोषित किया गया।

प्रतियोगिता में दीप चन्द्र भट्ट ने प्रथम स्थान प्राप्त कर बाजी मारी, जबकि हेमन्त सिंह बिष्ट द्वितीय और मो. आसिम मिकरानी तृतीय स्थान पर रहे। सभी विजेताओं को सम्मानित कर उनके रचनात्मक प्रयासों की सराहना की गई।

समापन समारोह के दौरान प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शहर के सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स के साथ विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से हल्द्वानी की पहचान को और अधिक मजबूत बनाने, स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा देने तथा शहर की सकारात्मक गतिविधियों को व्यापक स्तर पर प्रचारित करने को लेकर विचार-विमर्श किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि युवाओं की डिजिटल प्रतिभा को सही दिशा और मंच मिले तो हल्द्वानी की पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया जा सकता है। ‘हमारा हल्द्वानी रील प्रतियोगिता’ जैसी पहल न केवल स्थानीय कलाकारों और युवाओं को प्रोत्साहित करती है, बल्कि शहर के पर्यटन, संस्कृति, व्यापार और सामाजिक पहचान को भी नई ऊर्जा प्रदान करती है।

समारोह में पूर्व महापौर जोगेंद्र पाल सिंह रौतेला, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट, जिला महामंत्री रंजन बर्गली, मंडल अध्यक्ष नीरज बिष्ट, सोशल मीडिया संयोजक भुवन जोशी, वरिष्ठ वित्त अधिकारी स्मिता जोशी, पूर्व अध्यक्ष कुलदीप कुल्याल, सचिन साह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

नगर निगम की इस पहल को हल्द्वानी की स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और शहर की पहचान को डिजिटल दुनिया में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  कैंची धाम बाईपास निर्माण को मिली हरी झंडी, 21.81 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी; जल्द शुरू होगा काम

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.