भीमताल। भीमताल विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड भीमताल अंतर्गत नौकुचियाताल में भव्य दीपावली मिलन समारोह एवं श्रीराम राज्याभिषेक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।
इस धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन में राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरु ने प्रतिभाग कर दीप प्रज्वलित करते हुए कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
इस दौरान उन्होंने भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने और समाज में प्रेम, सद्भाव एवं भाईचारे की भावना को मजबूत बनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए हरीश पनेरु ने कहा कि पहली बार आयोजित इस पावन एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम का हिस्सा बनना उनके लिए अत्यंत सौभाग्य और गर्व का विषय है।
प्रभु श्रीराम के राज्याभिषेक का प्रसंग भारतीय संस्कृति, आस्था और मर्यादा का प्रतीक है। भगवान श्रीराम का संपूर्ण जीवन त्याग, तपस्या, सत्य, न्याय, कर्तव्यनिष्ठा और मर्यादा का अनुपम उदाहरण है, जो आज भी प्रत्येक व्यक्ति को सही मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि रामराज्य की परिकल्पना केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक ऐसे आदर्श समाज की कल्पना है, जहां सभी को समान अधिकार, सम्मान और न्याय मिले। समाज के प्रत्येक वर्ग का कल्याण हो तथा आपसी प्रेम, सद्भाव, सहयोग और भाईचारे की भावना बनी रहे। भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपनाकर ही एक बेहतर और समरस समाज का निर्माण किया जा सकता है।
हरीश पनेरु ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आयोजक मंडल एवं समस्त क्षेत्रवासियों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिस आत्मीयता, स्नेह और सम्मान के साथ उन्हें इस आयोजन में आमंत्रित किया गया, उसके लिए वह सभी के प्रति कृतज्ञ हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन हमारी समृद्ध परंपराओं को जीवंत रखने के साथ ही नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, संस्कारों और आध्यात्मिक विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान धार्मिक उल्लास और भक्तिमय वातावरण देखने को मिला। दीपावली मिलन के इस आयोजन ने क्षेत्रवासियों को एक मंच पर एकत्रित कर आपसी मेल-मिलाप, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करने का संदेश दिया।
अंत में राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरु ने प्रभु श्रीराम से समस्त क्षेत्रवासियों एवं प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना करते हुए कहा कि भगवान श्रीराम की कृपा सभी पर सदैव बनी रहे।

