मिठाइयों के पांच नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे, मिलावटखोरों में मची हलचल

लालकुआं। दीपावली के त्योहार को देखते हुए बाजार में मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने और आम जनता को शुद्ध एवं गुणवत्तायुक्त मिठाइयां उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीम ने लालकुआं नगर क्षेत्र में विशेष निरीक्षण अभियान चलाकर खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की। इस कार्रवाई से मिठाई एवं खाद्य पदार्थों का कारोबार करने वाले व्यापारियों में हड़कंप मचा रहा।

खाद्य संरक्षा आयुक्त एवं जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान के तहत संयुक्त टीम ने लालकुआं के मुख्य बाजार और गौला रोड क्षेत्र में करीब एक दर्जन खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीम ने मिठाइयों की गुणवत्ता, खाद्य पदार्थों की शुद्धता और मिलावट की आशंका को ध्यान में रखते हुए विभिन्न प्रतिष्ठानों से मिठाइयों के पांच नमूने एकत्रित किए।

टीम द्वारा बेसन के लड्डू, बालूशाही, मिल्क लॉज तथा तिल-खोया लड्डू सहित विभिन्न मिठाइयों के नमूने लिए गए। सभी नमूनों को आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद गुणवत्ता एवं मिलावट की जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि किसी नमूने में मिलावट अथवा गुणवत्ता संबंधी अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित प्रतिष्ठान संचालक के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों ने बताया कि दीपावली जैसे बड़े त्योहारों के दौरान मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में कुछ असामाजिक तत्व अधिक मुनाफा कमाने के उद्देश्य से मिलावटी एवं घटिया गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों की बिक्री कर सकते हैं। इसी को देखते हुए विभाग द्वारा बाजारों में लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ किसी प्रकार का खिलवाड़ न हो।

खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र के खाद्य कारोबारियों में हलचल देखने को मिली। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान मिलावटखोरी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस संयुक्त निरीक्षण अभियान में तहसीलदार लालकुआं ईश्वर सिंह भीमा, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा अजब सिंह रावत, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी हल्द्वानी ग्रामीण नंदकिशोर सहित तहसील के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, ग्राम विकास अधिकारी समेत दो युवकों की मौत, एक गंभीर घायल

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.