उत्तराखंड में 14 लाख की लूट से मचा था हड़कंप, 24 घंटे में पुलिस ने तीन लुटेरों को दबोचा
देहरादून। राजधानी देहरादून में दिनदहाड़े हुई 14 लाख रुपये की लूट की सनसनीखेज वारदात का दून पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र में इंद्रेश अस्पताल के पास हुई ।
इस लूट की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम में से 1 लाख 50 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। वहीं, वारदात में शामिल चार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
पुलिस के मुताबिक, 7 नवंबर को राजेश कुमार सोनी निवासी हरिपुर कलां, मोतीचूर ने कोतवाली पटेलनगर में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह प्लॉट के सौदे के सिलसिले में दिनेश तिवारी से 14 लाख रुपये नकद लेकर अपने साथियों के साथ वाहन से जा रहे थे। इसी दौरान इंद्रेश अस्पताल के पास पीछे से एक्टिवा और बाइकों पर सवार होकर आए करीब 4 से 5 युवकों ने उनके वाहन को रोक लिया।
आरोपियों ने वाहन सवार लोगों के साथ मारपीट की और पीछे की सीट पर रखा नकदी से भरा बैग लूटकर मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पटेलनगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
परिचित के जरिए मिली थी 14 लाख रुपये नकद होने की जानकारी
पुलिस की जांच और पूछताछ में लूट की वारदात के पीछे की पूरी साजिश सामने आई। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि दिनेश तिवारी उनका परिचित था। उन्हें जानकारी मिली थी कि दिनेश तिवारी प्लॉट के सौदे के सिलसिले में भारी मात्रा में नकदी लेकर कुछ लोगों से मिलने जा रहा है।
इसी सूचना के आधार पर आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई। जल्द पैसा कमाने के लालच में आरोपियों ने 7 नवंबर को वारदात को अंजाम दिया और नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए।
तीन आरोपी गिरफ्तार, डेढ़ लाख रुपये बरामद
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच और आरोपियों की तलाश तेज की। इसी क्रम में पुलिस टीम ने अल्का डेयरी से मेहूवाला की ओर जाने वाले रास्ते से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सरवजीत सिंह उर्फ हैप्पी, जसमीत सिंह और शक्ति सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस ने इनके कब्जे से लूटी गई रकम में से 1 लाख 50 हजार रुपये बरामद किए हैं। हालांकि, लूट की कुल रकम 14 लाख रुपये बताई गई है, जिसमें से अभी अधिकांश रकम बरामद होना बाकी है।
चार फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, इस वारदात में कुल सात आरोपियों के शामिल होने की बात सामने आई है। तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि चार अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी और शेष लूटी गई रकम की बरामदगी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस लूटकांड का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक पटेलनगर निरीक्षक नरेश राठौड़, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मुकेश थलेड़ी, उपनिरीक्षक आशीष कुमार, उपनिरीक्षक ओमवीर सिंह, कांस्टेबल पंकज कुमार, गौरव कुमार, सूरज राणा और संदीप कुमार शामिल रहे।
दिनदहाड़े हुई 14 लाख रुपये की लूट का 24 घंटे के भीतर खुलासा करना पुलिस के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है।
हालांकि, पुलिस के सामने अब शेष रकम बरामद करने और फरार चार आरोपियों को गिरफ्तार करने की चुनौती बनी हुई है।
























