गोवर्धन पूजा केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि पहाड़ों, जंगलों, नदियों, जलस्रोतों और पशुधन के संरक्षण का भी देती है प्रेरणा;

भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला में छिपा है प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर जीवन जीने का संदेश।

गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट पर्व भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का एक महत्वपूर्ण पर्व है। यह पर्व हमें प्रकृति, पर्यावरण, पशुधन और कृषि के महत्व का स्मरण कराता है। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि को मनाया जाने वाला यह पर्व प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ-साथ मानव जीवन में पहाड़ों, जंगलों, नदियों, वनस्पतियों और पशुओं की उपयोगिता को भी रेखांकित करता है।

गोवर्धन पूजा के अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला का विशेष महत्व है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों को इंद्र देव की पूजा के स्थान पर गोवर्धन पर्वत की पूजा करने के लिए प्रेरित किया था। श्रीकृष्ण ने समझाया कि पर्वत, वन, नदियां, वर्षा और प्रकृति ही मानव जीवन तथा पशुधन के वास्तविक आधार हैं। इनके संरक्षण और संवर्धन से ही जीवन और समाज की समृद्धि संभव है।

पौराणिक कथा के अनुसार, जब इंद्र देव ने क्रोधित होकर ब्रज में मूसलाधार वर्षा शुरू कर दी, तब भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी कनिष्ठिका अंगुली पर गोवर्धन पर्वत को उठाकर समस्त ब्रजवासियों और उनके पशुधन को वर्षा के प्रकोप से बचाया था। इस लीला के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण ने प्रकृति की महत्ता, सामूहिक सहयोग और संरक्षण का संदेश दिया।

गोवर्धन पूजा के साथ अन्नकूट पर्व भी मनाया जाता है। इस अवसर पर विभिन्न प्रकार के अनाज, सब्जियों और पकवानों से भगवान को भोग लगाया जाता है। अन्नकूट का अर्थ है अन्न का समूह। यह परंपरा नई फसल, कृषि उत्पादन और धरती माता के प्रति आभार व्यक्त करने का प्रतीक है। इसके माध्यम से यह संदेश दिया जाता है कि हमें अन्न का सम्मान करना चाहिए और भोजन की बर्बादी से बचना चाहिए।

आज पूरी दुनिया जलवायु परिवर्तन, वैश्विक तापमान में वृद्धि, वायु प्रदूषण, जल संकट और प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही है। ऐसे समय में गोवर्धन पूजा का संदेश और अधिक प्रासंगिक हो जाता है। यह पर्व हमें सिखाता है कि प्रकृति पर हमारा अधिकार नहीं, बल्कि उसके संरक्षण की जिम्मेदारी है।

विशेष रूप से उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य के लिए गोवर्धन पूजा का संदेश बेहद महत्वपूर्ण है। यहां के पहाड़, जंगल, नदियां, जलधाराएं और जैव विविधता न केवल पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखते हैं, बल्कि प्रदेश की आर्थिकी, पर्यटन और जनजीवन के भी आधार हैं। इसलिए विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण, जलस्रोतों का पुनर्जीवन, वनों की रक्षा और पशुधन का संवर्धन भी हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए।

गोवर्धन पूजा हमें यह भी प्रेरणा देती है कि प्राकृतिक संसाधनों का उपयोग आवश्यकता के अनुसार हो, उनका अनावश्यक दोहन न किया जाए। आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, निर्मल जल, सुरक्षित जंगल और स्वस्थ पर्यावरण छोड़ना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

अर्थात हे गोवर्धन पर्वत! आप पृथ्वी को धारण करने वाले और गोकुल के निवासियों तथा गायों की रक्षा करने वाले हैं। भगवान विष्णु की भुजा पर उठकर आपने उनकी शोभा बढ़ाई। आप हमें समृद्धि और सुख प्रदान करें।

इसी प्रकार गौमाता की महिमा का वर्णन करते हुए कहा गया है—

लक्ष्मीर्या लोकपालानां धेनुरूपेण संस्थिता।

घृतं वहति यज्ञार्थे मम पापं व्यपोहतु॥

यह श्लोक गौमाता को समृद्धि और कल्याण का प्रतीक मानते हुए उनके प्रति श्रद्धा और सम्मान का भाव व्यक्त करता है।

गोवर्धन पूजा का वास्तविक संदेश यही है कि धर्म, प्रकृति और मानव जीवन एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। प्रकृति सुरक्षित रहेगी तो जीवन सुरक्षित रहेगा और धरती समृद्ध होगी, तभी मानव समाज भी सुखी और समृद्ध बन सकेगा।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू गिरफ्तार; एसआईटी टीम लेकर देहरादून रवाना

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.