दिवाली पार्टी के दौरान हुआ विवाद, मारपीट में किशोर की मौत; परिजनों ने दोस्त श्रेयस पर जताया हत्या का शक

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में दिवाली की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब दोस्तों के साथ दीपावली मनाने गए 15 वर्षीय किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

घटना डालनवाला क्षेत्र के रेसकोर्स स्थित सूरी चौक की बताई जा रही है। किशोर की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों ने उसके दोस्तों पर ही हत्या का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, दिवाली की देर रात 15 वर्षीय अर्श अपने दोस्तों के साथ दीपावली मनाने के लिए गया था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान दोस्तों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। शुरुआत में मामूली विवाद देखते ही देखते बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। इस दौरान अर्श गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

दोस्त पर परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

घटना के बाद मृतक अर्श के परिजनों ने उसके दोस्त श्रेयस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि श्रेयस ने ही देर रात फोन कर अर्श को दिवाली पार्टी में शामिल होने के लिए बुलाया था। इसके बाद ही यह दुखद घटना सामने आई। परिजनों ने आशंका जताई है कि उनके बेटे की हत्या की गई है और पूरे मामले की गहराई से जांच होनी चाहिए।

दिवाली की रात परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

15 वर्षीय अर्श की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस घर में दिवाली की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना ने क्षेत्र में भी सनसनी फैला दी है।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने किशोर के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। दोस्तों के बीच हुए विवाद, घटना के समय मौजूद लोगों और परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल की जा रही है।

फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि किशोर की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इस घटना के पीछे वास्तविक वजह क्या थी।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  10 नवंबर से बदलेगा पहाड़ों का मौसम! उत्तराखंड समेत तीन राज्यों में बारिश-बर्फबारी के आसार
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.