हल्द्वानी में शाम को बड़ा अग्निकांड, फर्नीचर की दुकान में धधकी आग; जनहानि टली

हल्द्वानी। शहर के आरटीओ चौकी क्षेत्र के अंतर्गत छड़ायल नयाबाद स्थित गैस गोदाम रोड पर मंगलवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एस मोड़ के पास स्थित एक बड़ी फर्नीचर की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। दुकान से उठती आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना तत्काल अग्निशमन विभाग को दी गई, जिसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने तेजी से मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

जानकारी के अनुसार, फायर स्टेशन हल्द्वानी को शाम 7 बजकर 9 मिनट पर दुकान में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग ने तत्परता दिखाते हुए महज एक मिनट के भीतर यानी 7 बजकर 10 मिनट पर पहली अग्निशमन यूनिट को घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया। आग की गंभीरता को देखते हुए रामलीला मैदान ऊंचापुल में तैनात नजदीकी फायर यूनिट को भी 7 बजकर 12 मिनट पर मौके के लिए भेजा गया। इसके अतिरिक्त 7 बजकर 16 मिनट पर एक अन्य अग्निशमन वाहन भी घटनास्थल पर पहुंच गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) गौरव किरार भी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य की कमान संभाली। उनके नेतृत्व में फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों और अग्निशमन कर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास किए। आग बुझाने के अभियान में पानी की कमी न हो, इसके लिए घटनास्थल के नजदीक स्थित फायर हाइड्रेंट को भी तत्काल खुलवाया गया। इससे दमकल कर्मियों को लगातार पानी की आपूर्ति मिलती रही और आग बुझाने के अभियान में तेजी आई।

करीब एक घंटे तक चले दमकल कर्मियों के अथक प्रयासों के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। फायर विभाग की त्वरित कार्रवाई और बेहतर समन्वय के चलते आग को आसपास की अन्य दुकानों और भवनों तक फैलने से रोकने में सफलता मिली। राहत की बात यह रही कि इस घटना में फिलहाल किसी के हताहत होने या जनहानि की सूचना नहीं है।

आग लगने के कारणों की जांच शुरू

फर्नीचर की दुकान में आग किन परिस्थितियों में लगी, इसका फिलहाल पता नहीं चल पाया है। अग्निशमन विभाग की ओर से आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं दुकान में रखे फर्नीचर और अन्य सामान को कितना नुकसान पहुंचा है, इसका आकलन भी किया जा रहा है। नुकसान का वास्तविक आंकड़ा जांच और आकलन के बाद ही सामने आ सकेगा।

इस घटना में फायर विभाग की तत्परता देखने को मिली। सूचना मिलने के महज एक मिनट के भीतर पहली दमकल गाड़ी रवाना होने और कुछ ही मिनटों में अतिरिक्त फायर यूनिट के पहुंचने से आग पर समय रहते नियंत्रण पाया जा सका।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  अधिवक्ता धीरेंद्र परिहार हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा, प्रेमिका ने भाई के साथ मिलकर की थी हत्या; दो दिन घर में छिपाकर रखा शव, फिर नदी की खाई में फेंका
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.