दीपावली पर घर लौट रहे युवक को बनाया निशाना, सुनसान जगह ले जाकर लूटा सामान; पुलिस ने किया खुलासा
रोडवेज स्टेशन पर मिले दो युवकों ने दिया टैक्सी का झांसा, आईफोन और सोने की बाली लूटकर हुए थे फरार
हल्द्वानी। दीपावली की छुट्टियों में अपने घर लौट रहे एक युवक को टैक्सी में बैठाने का झांसा देकर सुनसान स्थान पर ले जाना और फिर लूटपाट करना दो युवकों को भारी पड़ गया। हल्द्वानी पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया आईफोन, सोने की कान की बाली, हेडफोन और पांच हजार रुपये की नकदी बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों तक पहुंचने के लिए करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके बाद उनकी पहचान कर गिरफ्तारी की गई।
पुलिस के अनुसार, पिथौरागढ़ जिले के बेरीनाग निवासी मुकेश भट्ट चंडीगढ़ में एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। दीपावली की छुट्टियों में अपने घर जाने के लिए वह चंडीगढ़ से बस के जरिए हल्द्वानी पहुंचे थे। यहां रोडवेज बस स्टेशन पर पिथौरागढ़ जाने के लिए टैक्सी की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान दो अज्ञात युवक उनके संपर्क में आए। दोनों ने उन्हें बताया कि प्रेम टॉकीज के पास टैक्सी खड़ी है और वे उन्हें वहां से पिथौरागढ़ जाने वाली टैक्सी में बैठा देंगे।
पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा अपराध संख्या 383/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(4) में दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों तक पहुंची पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने संबंधित अधिकारियों को मामले का शीघ्र खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस ने बताया कि बरामदगी के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बस स्टेशन और सार्वजनिक स्थानों पर अनजान लोगों के बहकावे में आकर उनके साथ सुनसान स्थानों पर न जाएं।
विशेषकर दूसरे शहरों से आने वाले यात्रियों को टैक्सी और अन्य वाहनों के लिए अधिकृत स्टैंड का ही इस्तेमाल करना चाहिए।
























