रामनगर में महिला की निर्मम हत्या का सनसनीखेज खुलासा, पुरानी रंजिश में तीन युवकों ने उतारा मौत के घाट

पिता की हत्या का बदला लेने के लिए महिला की हत्या! रामनगर पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा

सीसीटीवी ने खोला विमला देवी हत्याकांड का राज, मारपीट कर ले गए और फिर शव घर के बाहर फेंका

रामनगर (नैनीताल)। रामनगर के ग्राम किशनपुर छोई में 56 वर्षीय महिला विमला देवी की निर्मम हत्या के मामले में नैनीताल पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, इस जघन्य वारदात के पीछे पुरानी रंजिश और बदले की भावना सामने आई है। मुख्य आरोपी मोहित फर्त्याल अपने पिता की पूर्व में हुई हत्या का बदला लेने की फिराक में था। इसी रंजिश के चलते उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर विमला देवी की हत्या की वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किए गए तीन डंडे, लोहे का पाना, एक पत्थर, घटना में प्रयुक्त वाहन और मृतका के पेटीकोट का नाड़ा बरामद किया है। मामले का खुलासा सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हुआ है।

घर के बाहर मिला महिला का शव, इलाके में मची सनसनी

पुलिस के मुताबिक, 10 नवंबर 2026 को डायल 112 के माध्यम से कोतवाली रामनगर को सूचना मिली कि ग्राम किशनपुर छोई निवासी त्रिलोक सिंह बिष्ट के घर के बाहर एक महिला का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। मृतका की पहचान 56 वर्षीय विमला देवी पत्नी खिलाप सिंह बिष्ट, निवासी किशनपुर छोई के रूप में हुई।

घटनास्थल का निरीक्षण करने पर महिला के शरीर पर चोटों के गंभीर निशान मिले। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल फील्ड यूनिट को मौके पर बुलाकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

मृतका के पुत्र कुंदन सिंह बिष्ट की तहरीर पर कोतवाली रामनगर में एफआईआर संख्या 356/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 332(सी), 103(1) और 352 में मुकदमा दर्ज किया गया।

सीसीटीवी फुटेज ने खोला हत्या का राज

महिला की निर्मम हत्या की घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए। इसके बाद एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह और क्षेत्राधिकारी रामनगर रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक रामनगर सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस और एसओजी की अलग-अलग टीमें गठित की गईं।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में तीन संदिग्ध व्यक्ति महिला के साथ मारपीट करते हुए उसे जबरन ले जाते दिखाई दिए। इसके बाद आरोपी वाहन के माध्यम से महिला के शव को घटनास्थल के पास लाकर फेंकते हुए भी नजर आए।

सीसीटीवी फुटेज के साथ तकनीकी साक्ष्यों और मैनुअल पुलिसिंग के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश तेज कर दी।

पिता की हत्या का बदला लेने की थी भावना

पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी मोहित फर्त्याल अपने पिता गोविंद सिंह की पूर्व में हुई हत्या को लेकर रंजिश रखता था। इसी पुरानी दुश्मनी और बदले की भावना के चलते उसने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर विमला देवी को निशाना बनाया और उनकी हत्या कर दी।

पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मुख्य आरोपी मोहित फर्त्याल को गिरफ्तार किया। वहीं, उसके दो अन्य साथियों को रामनगर रेलवे मैदान के पास से उस समय गिरफ्तार किया गया, जब वे रामनगर से फरार होने की फिराक में थे।

तीन आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने इस हत्याकांड में निम्नलिखित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है—

मोहित फर्त्याल (32 वर्ष) पुत्र स्व. गोविंद सिंह, निवासी किशनपुर छोई, थाना रामनगर।

सैरान (21 वर्ष) पुत्र मुरसलीन, निवासी ब्लॉक रोड, बड़ी मस्जिद के पीछे, खताड़ी, थाना रामनगर।

मोहम्मद अब्बूजर (22 वर्ष) पुत्र मोहम्मद विलाल, निवासी खताड़ी, थाना रामनगर।

हत्या में इस्तेमाल हथियार और वाहन बरामद

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किए गए सामान को बरामद किया है। इनमें तीन डंडे, एक लोहे का पाना, एक पत्थर, घटना में प्रयुक्त वाहन संख्या UK04 AN 6012 और मृतका के पेटीकोट का नाड़ा शामिल है।

एसएसपी ने पुलिस टीम को किया पुरस्कृत

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने मामले का शीघ्र खुलासा करने और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस एवं एसओजी टीम की सराहना की है। उन्होंने पुलिस टीम को 2,000 रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा भी की है।

रामनगर में हुई इस जघन्य वारदात के खुलासे के बाद जहां पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं घटना ने क्षेत्र में पुरानी रंजिश और आपसी विवादों से उपजने वाली हिंसा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी : बाजार में गिरा डेढ़ लाख रुपये का आईफोन, कॉन्स्टेबल अजीम ने तलाश कर मालिक को लौटाया, पेश की ईमानदारी की मिसाल

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.