ज्योलीकोट कृषि विज्ञान केंद्र में राज्य स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत कार्यक्रम आयोजित, विकसित उत्तराखण्ड के निर्माण का लिया संकल्प
हेम आर्य बोले– राज्य आंदोलनकारियों के सपनों का उत्तराखण्ड बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक निभाए अपनी जिम्मेदारी, डबल इंजन सरकार में प्रदेश विकास के पथ पर अग्रसर
रिपोर्टर – गुडडू सिह ठठोला
ज्योलीकोट (नैनीताल)। उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा–2026 के तहत 13 नवंबर को कृषि विज्ञान केंद्र, ज्योलीकोट में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के विकास, राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष और उत्तराखण्ड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के संकल्प पर चर्चा की गई। इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने एकजुट होकर विकसित एवं समृद्ध उत्तराखण्ड के निर्माण में अपना योगदान देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे वरिष्ठ भाजपा नेता हेम आर्य ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तराखण्ड राज्य का निर्माण लंबे संघर्ष, अथक परिश्रम और राज्य आंदोलनकारियों के अनेकों बलिदानों का परिणाम है। हमारे पूर्वजों और आंदोलनकारियों ने पृथक राज्य के निर्माण के लिए जो संघर्ष किया, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनके त्याग और समर्पण के कारण ही आज उत्तराखण्ड एक अलग राज्य के रूप में स्थापित है।
उन्होंने कहा कि अब हम सभी की जिम्मेदारी है कि राज्य आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप एक सशक्त, समृद्ध और विकसित उत्तराखण्ड का निर्माण करें। इसके लिए प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए विकास कार्यों और जनसेवा में सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास, आपसी सहयोग और कर्तव्यनिष्ठा के माध्यम से ही उत्तराखण्ड को देश के तेजी से विकास करने वाले अग्रणी राज्यों की श्रेणी में शामिल किया जा सकता है।
हेम आर्य ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में संचालित विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार के कार्यकाल में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, जनकल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न विकास परियोजनाओं के माध्यम से उत्तराखण्ड निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश आने वाले वर्षों में विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा और देश में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करेगा।
कार्यक्रम का संचालन भवाली मंडल महामंत्री वर्षा आर्या ने किया, जबकि अध्यक्षता भवाली मंडल अध्यक्ष हिमांशु बिष्ट ने की।
इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री पुष्कर सिंह जोशी, महिला मोर्चा अध्यक्ष भवाली रजनी रावत, ओबीसी मोर्चा के नीरज गोस्वामी, मंडल उपाध्यक्ष दिनेश सुयाल, शक्ति केंद्र संयोजक दीवान अधिकारी, ग्राम प्रधान सड़ियाताल हरगोविन्द रावत, बेलुवाखान प्रभारी एवं बूथ अध्यक्ष मनीष कुमार, हेमा रावत, सुभांगी रावत, ममता बर्गली, मीना बर्गली और चंद्रशेखर कार्की सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का समापन विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध उत्तराखण्ड के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।
























