हल्द्वानी की भार्गवी रावत ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर लहराया परचम, एशियन चैंपियनशिप में जीते दो स्वर्ण और तीन रजत पदक
मॉडर्न पेंटाथलॉन एशियन चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन, उत्तराखंड की 13 सदस्यीय टीम में शामिल थीं भार्गवी
हल्द्वानी। उत्तराखंड की होनहार खिलाड़ी भार्गवी रावत ने अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश और हल्द्वानी का नाम रोशन किया है।
संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के रास अल खैमाह में 11 से 16 नवंबर 2026 तक आयोजित मॉडर्न पेंटाथलॉन एशियन चैंपियनशिप में भार्गवी ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए कुल पांच पदक अपने नाम किए। इनमें दो स्वर्ण और तीन रजत पदक शामिल हैं।
भार्गवी रावत वर्तमान में हल्द्वानी के गोविंदपुरम, बिठोरिया नंबर-1 की निवासी हैं और वुडलैंड सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हल्द्वानी में कक्षा 10 की छात्रा हैं। पढ़ाई के साथ-साथ खेल के प्रति उनकी लगन, मेहनत और अनुशासन ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया।
एशियन चैंपियनशिप जैसी प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में पांच पदक जीतना भार्गवी की कड़ी मेहनत, निरंतर अभ्यास और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाता है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल परिवार और विद्यालय बल्कि पूरे हल्द्वानी और उत्तराखंड में खुशी का माहौल है।
भार्गवी की इस शानदार सफलता को प्रदेश की उभरती खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि माना जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दो स्वर्ण और तीन रजत पदक जीतकर उन्होंने साबित किया है कि उत्तराखंड की बेटियां भी अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर वैश्विक खेल मंच पर देश का गौरव बढ़ा सकती हैं।
भार्गवी रावत की इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई और उज्ज्वल खेल भविष्य की शुभकामनाएं।
























