बाइक पर युवती को लेकर पहुंचा था आरोपी, बीच सड़क की मारपीट; मेडिकल में नशे में होने की पुष्टि, पुलिस ने पुलिस एक्ट में की कार्रवाई
हल्द्वानी। शहर के रामपुर रोड पर देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नशे में धुत एक युवक ने बाइक पर अपने साथ लाई युवती पर हेलमेट से ताबड़तोड़ हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। बीच सड़क युवती के साथ हो रही मारपीट देखकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए।

लोगों ने जब युवती को आरोपी के चंगुल से बचाने का प्रयास किया तो युवक उनसे भी भिड़ गया और जमकर गालीगलौज करने लगा। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी युवक देर रात चकलुवा क्षेत्र से बाइक पर एक युवती को अपने साथ लेकर हल्द्वानी पहुंचा था। बताया जा रहा है कि रामपुर रोड पर पहुंचते ही युवक ने अचानक बाइक रोक दी।

इसके बाद किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि युवक ने आपा खो दिया और युवती पर हेलमेट से हमला करना शुरू कर दिया। हेलमेट से लगातार वार किए जाने के कारण युवती लहूलुहान हो गई।
सड़क पर युवती के साथ बेरहमी से मारपीट होते देख स्थानीय लोग और राहगीर मौके पर जमा हो गए। लोगों ने साहस दिखाते हुए बीच-बचाव कर युवती को बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी का गुस्सा शांत होने के बजाय और बढ़ गया। उसने बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों के साथ भी गालीगलौज और अभद्रता शुरू कर दी।

इसी दौरान युवक के चार-पांच अन्य साथी भी मौके पर पहुंच गए, जिससे कुछ देर के लिए माहौल और तनावपूर्ण हो गया। हालांकि, स्थानीय लोगों ने किसी तरह युवती को आरोपी से अलग कर सुरक्षित वहां से रवाना किया।
सूचना पर पहुंची पुलिस, आरोपी का कराया मेडिकल
घटना की सूचना मिलते ही टीपी नगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे युवक को हिरासत में लेकर चौकी ले गई। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की और उसका मेडिकल परीक्षण कराया। मेडिकल रिपोर्ट में युवक के नशे में होने की पुष्टि हुई।
पूछताछ के दौरान आरोपी युवक के बयान भी लगातार बदलते रहे। कभी वह युवती को अपनी पूर्व प्रेमिका बताने लगा तो कभी उस पर देह व्यापार में संलिप्त होने जैसे आरोप लगाने लगा। पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई कि आरोपी युवक शादीशुदा है और ऊर्जा निगम में संविदा कर्मचारी के रूप में कार्यरत बताया जा रहा है।
युवती ने नहीं दी लिखित शिकायत, पुलिस एक्ट में कार्रवाई
मामले को लेकर एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में युवती की ओर से पुलिस को फिलहाल कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसका मेडिकल परीक्षण कराया, जिसमें उसके नशे में होने की पुष्टि हुई। फिलहाल आरोपी के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
इस घटना ने एक बार फिर शहर की सड़कों पर महिलाओं की सुरक्षा और नशे में धुत होकर उत्पात मचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जरूरत को सामने ला दिया है।

यह भी पढ़ें :  हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा: सेना के जवान समेत तीन गिरफ्तार, मां के बाद दोनों बेटों की हत्या की भी थी साजिश!
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.