पति ने शोर मचाकर बाघ का किया सामना, महिला के हाथ पर आए दांतों के गंभीर निशान; अस्पताल में उपचार जारी
बाइक सवार दंपति पर बाघ का जानलेवा हमला, पत्नी को जबड़े में दबाकर जंगल की ओर घसीटने लगा बाघ, पति की बहादुरी से बची जान
रामनगर (नैनीताल)। रामनगर वन प्रभाग की कोसी रेंज में बाघ के हमले की एक खौफनाक घटना सामने आई है। मवेशियों के लिए घास लेने जा रहे बाइक सवार दंपति पर अचानक बाघ ने हमला कर दिया। हमले के दौरान दंपति बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े।

इसके बाद बाघ ने महिला को अपने पंजों और जबड़ों में जकड़ लिया और उसे घसीटते हुए जंगल की ओर ले जाने लगा। इस भयावह स्थिति में महिला के पति ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए शोर मचाया और बाघ का सामना किया। पति के लगातार विरोध और शोर से बाघ महिला को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। इस घटना में महिला के हाथ पर बाघ के दांतों के गंभीर निशान आए हैं।

घायल महिला को उपचार के लिए रामनगर के रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार रामनगर के टेड़ा निवासी 50 वर्षीय बबली देवी पत्नी दर्शन सिंह बुधवार सुबह अपने पति के साथ बाइक से मवेशियों के लिए चारा लेने जंगल की ओर जा रही थीं। इसी दौरान आघे लाल पहाड़ी के समीप ग्रासलैंड क्षेत्र में अचानक झाड़ियों से निकले बाघ ने उनकी चलती बाइक पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से बाइक सवार दंपति संभल नहीं पाए और सड़क पर गिर पड़े।
बाइक से गिरते ही बाघ ने बबली देवी को अपने पंजों और जबड़ों में जकड़ लिया। इसके बाद वह महिला को घसीटते हुए जंगल की ओर ले जाने लगा।

अचानक सामने आई इस खौफनाक स्थिति से पति दर्शन सिंह भी घबरा गए, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। पत्नी को बाघ के चंगुल से बचाने के लिए उन्होंने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया और बाघ का विरोध करते रहे। लगातार शोर और प्रतिरोध के चलते बाघ महिला को छोड़कर जंगल में भाग गया। इस तरह पति की बहादुरी से महिला की जान बच सकी।
घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन कर्मियों ने पर्यटकों की जिप्सी की मदद से घायल बबली देवी को रामनगर के रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों की देखरेख में महिला का उपचार किया जा रहा है। हमले में उनके हाथ पर बाघ के दांतों के गहरे निशान आए हैं।
रामनगर वन प्रभाग के एसडीओ अंकित बडोला ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। घटना को देखते हुए संबंधित क्षेत्र में वन विभाग की गश्त बढ़ा दी गई है। साथ ही बाघ की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए उसकी लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। उन्होंने बताया कि मामले में नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद टेड़ा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। जंगल से सटे गांवों में रहने वाले ग्रामीणों को अब मवेशियों के लिए चारा और घास लेने जंगल की ओर जाने में भी डर सताने लगा है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और बाघ की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने की मांग की है।
फिलहाल इस घटना में पति दर्शन सिंह की बहादुरी की चर्चा हो रही है। यदि उन्होंने साहस दिखाते हुए समय रहते बाघ का विरोध नहीं किया होता, तो परिणाम बेहद गंभीर हो सकते थे। उनकी सूझबूझ और हिम्मत ने पत्नी की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई।

यह भी पढ़ें :  कालाढूंगी में सीएम धामी के दौरे से पहले भोला भट्ट का हमला, बोले- चुनावी समय में याद आ रही जनता

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.