नैनीताल में बुधवार दोपहर मचा हड़कंप ,ठंडी सड़क स्थित पाषाण देवी मंदिर के समीप नैनी झील में एक अज्ञात व्यक्ति का शव तैरता मिला

रिपोर्टर – गुड्डू सिंह ठठोला

नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल में बुधवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब ठंडी सड़क स्थित पाषाण देवी मंदिर के समीप नैनी झील में एक अज्ञात व्यक्ति का शव उतराता हुआ दिखाई दिया। झील में शव मिलने की सूचना फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब एक बजे नैनी झील में नावों का संचालन कर रहे नाव चालकों की नजर झील में उतराते एक व्यक्ति के शव पर पड़ी। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को झील से बाहर निकालकर अपने कब्जे में ले लिया।

वहीं, गुड़गांव से नैनीताल घूमने पहुंची पर्यटक मंजू ने बताया कि उन्होंने उक्त व्यक्ति को काफी देर तक झील किनारे बैठे हुए देखा था। उनके अनुसार, ऐसा प्रतीत हुआ कि व्यक्ति का पैर फिसलने से वह झील में गिर गया होगा। हालांकि, व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी वास्तविक जानकारी पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

कोतवाल हरपाल सिंह ने बताया कि फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया है और उसकी शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए आसपास के थानों से संपर्क करने के साथ ही गुमशुदगी के मामलों का भी मिलान किया जा रहा है।

पुलिस घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही मामले के प्रत्येक पहलू की जांच की जा रही है, ताकि मृतक की पहचान होने के साथ ही उसकी मौत के कारणों का भी पता लगाया जा सके।

फिलहाल नैनी झील में अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से शहर में चर्चाओं का माहौल बना हुआ है। पुलिस की जांच और मृतक की शिनाख्त के बाद ही घटना से जुड़ी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल : राज्य स्थापना दिवस पखवाड़े का भव्य आयोजन, हेम आर्य बोले- धामी सरकार में तेजी से विकास की राह पर बढ़ रहा उत्तराखंड

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.